देश

अवैध निर्माण से बिजली के कनैक्शन काटने के दिए सख्त निर्देश

पलवल । अर्बन एरिया एक्ट के साथ-साथ रूल 7ए के नियमों का उल्लंघन करने वाली कॉलोनियों पर प्रशासन की ओर से सख्त कार्यवाही अमल में लाई जाए। जिला के किसी भी क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों को पनपने पर पूर्णतया प्रतिबंध लगाया जाए। उपायुक्त नेहा सिंह ने यह निर्देश गुरूवार को जिला सचिवालय के द्वितीय तल पर स्थित अपने कार्यालय में अधिकारियों की जिला टास्क फोर्स की बैठक लेकर अब तक की गई कार्यवाही की समीक्षा करते हुए दिए।

उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि वे पूर्ण एक्शन टेकन रिपोर्ट के साथ बैठक में उपस्थित हों। उन्होंने संबंधित एसडीएम को भी अपने-अपने क्षेत्र में डिमोलिश ड्राइव चलाने के लिए निर्देशित किया। उपायुक्त नेहा सिंह कहा कि पुलिस विभाग अवैध कॉलोनियों में किए गए डिमोलेशन के संबंध में संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ब्यौरा प्राथमिकता के आधार पर प्रस्तुत करे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि जिला में कहीं भी नियुक्त किए जाने वाले ड्यूटी मजिस्ट्रेट के साथ पुलिसकर्मियों और अवैध कॉलोनियों की तोडफोड के दौरान डीटीपी व अन्य अधिकारियों के साथ महिला पुलिसकर्मी को नियुक्त करना सुनिश्चित करें। डीसी ने दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम तथा नगर परिषद के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि नियमों के अनुसार अवैध कॉलोनियों में बिजली के कनेक्शन नहीं दिए जाने और जो बिजली के कनेक्शन पहले से चल रहे है, उन्हें तुरंत प्रभाव से काटा जाए तथा इसकी रिपोर्ट तुरंत प्रभाव से प्रस्तुत की जाए।

उन्होंने कहा कि संबंधित एसडीएम अपने-अपने उपमंडल में अवैध कॉलोनियों को तोडने की दिशा में कार्यवाही अमल में लाएं और उसकी एक्शन टेकन रिपोर्ट प्रतिमाह भेजना सुनिश्चित करें। डिमोलिश ड्राइव के दौरान पुलिस विभाग की जिम्मेवारी है कि वह पर्याप्त पुलिस फोर्स की नियुक्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आगामी दो दिनों के अंदर-अंदर बिजली व नगर परिषद के अधिकारी गत 18 जनवरी 2023 से अब तक की गई कार्यवाही की रिपोर्ट प्रस्तुत करें। एसडीएम अपने-अपने उपमंडल में नियमित तौर पर अधिकारियों के साथ बैठक लेते रहें। बैठक में एसडीएम शशि वसुंधरा, एसडीएम रणवीर सिंह, एसडीएम लक्ष्मी नारायण, डीएसपी शाकिर हुसैन, जिला नगर योजनाकार नरेंद्र नैन, लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता नरेंद्र यादव सहित दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button