प्रदेश में क्षेत्रवाद का जहर फैलाने नहीं दिया जाएगा: भाजपा

शिमला । हिमाचल प्रदेश में सुखविन्द्र सुक्खू की सरकार क्षेत्रवाद फैलाने का प्रयास कर रही है। चंबा के जघन्य हत्याकांड, राज्य की बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा नेताओं ने सुक्खू सरकार की आलोचना की है। भाजपा का आरोप है कि लोगोंं का ध्यान भटकाने के लिए कांग्रेस सरकार के मंत्री विरोधाभासी बयान देकर क्षेत्रवाद को बढ़ावा दे रहे हैं।
गुरुवार को भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री राजीव सहजल, पूर्व मंत्री गोविंद ठाकुर, पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर और पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष एवं विधायक हंस राज ने एक बयान जारी कर कहा कि पिछले सात महीने में प्रदेश की जनता को उम्मीदें थीं, वह धूमिल हो गई है। भाजपा नेताओं ने कहा कि राज्य की जनता को उम्मीद थी कि प्रदेश की 22 लाख महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये मिलेंगे, पांच लाख बेरोजगारों को नौकरियां मिलेगी, लेकिन कांग्रेस की ऐसी 10 गारंटियां धराशाई हो गई हैं। कांग्रेस ने गारंटियां पूरी करने के बजाए दूसरों पर दोषारोपण करना शुरू कर दिया है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि चंबा में मनोहर हत्याकांड के 18 दिन बीत जाने के बाद भी सरकार को फुर्सत नहीं मिली कि पीड़ित परिवार से मिलकर उनकी सुध ली जाए और इलाकावासियों को सुरक्षी की गारंटी दी जाए। भाजपा ने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने एक हजार सरकारी संस्थान बंद कर दिए और शिमला में सुक्खू सरकार के मंत्री खुल्लमखुल्ला क्षेत्रवाद का जहर घोलने में जुट गए हैं। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि सरकार के मंत्री ही आपस में लट्ठम-लट्ठा हो रहे हैं या फिर जनता की आंख में धूल झोंक रहे हैं। भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रदेश में क्षेत्रवाद का जहर किसी कीमत पर फैलाने नहीं दिया जाएगा।






