देश

कांग्रेस सरकार की नाकामी से मंडियों के बाहर बेचा जा रहा सेब : भाजपा

शिमला । हिमाचल प्रदेश में विपक्षी दल भाजपा ने कांग्रेस के नेतृत्व वाली सुक्खू सरकार पर बागवानों के हितों की रक्षा करने में विफल रहने का आरोप लगाया है। प्रदेश भाजपा प्रवक्ता बलबीर वर्मा ने गुरुवार को शिमला में कहा कि सरकार की नाकामी से अब मंडियों के बाहर भी सेब खरीदा जा रहा है। पराला मंडी के बाहर ही सेब बेचने को प्रक्रिया चल रही है।

भाजपा प्रवक्ता ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान बागवानी मंत्री से जानना चाहा कि मंडियों के बाहर से सेब खरीदने वाले लोग कौन हैं। इनकी लगातार शिकायतें एसडीएम और पुलिस को भी हो रही है, लेकिन उनके ऊपर कार्रवाई इतनी तेज गति से होती नहीं दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ऐसा पहली बार हुआ है कि कभी आढ़ती और लदानी हड़ताल पर जा रहे हैं। पराला और सोलन मंडी में लगातार हड़ताल चल रही है।

बलबीर वर्मा ने कहा कि कांग्रेस राज में बागबान बहुत परेशान हैं और कब मंडी बंद हो जाए इसके डर की वजह से सब बागवान चंडीगढ़ दिल्ली और मुंबई की ओर पलायन कर रहे हैं, इसका हिमाचल प्रदेश को बहुत नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा कि कई बागवानों के पास पुरानी पेटियां भी पड़ी हैं और जगह-जगह यह तक नौबत आ गई है कि 28 किलो सेब की कीमत 24 किलो के हिसाब से मिल रही है। इसको लेकर सरकार को एक ठोस नीति बननी चाहिए। भाजपा सेब प्रति किलो के हिसाब से बिकने के पक्ष में है और इससे बागवानों को बहुत फायदा होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button