उत्तराखंडदेहरादून

छांगुर बाबा धर्मांतरण रैकेट की जड़ें उत्तराखंड तक फैलीं: देहरादून में अब्दुल रहमान हिरासत में, मरियम से पूछताछ

यूपी एटीएस और देहरादून पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में खुलासा

जन एक्सप्रेस/देहरादून(उत्तराखण्ड) : उत्तर प्रदेश के चर्चित अवैध धर्मांतरण गिरोह के मास्टरमाइंड छांगुर बाबा उर्फ जलालुद्दीन का नेटवर्क अब उत्तराखंड के देहरादून तक फैल गया है। यूपी पुलिस की एंटी-टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से देहरादून के शंकरपुर क्षेत्र से अब्दुल रहमान को हिरासत में लिया है, जो इस रैकेट से सीधे तौर पर जुड़ा हुआ पाया गया।

शंकरपुर में दबिश, दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक सामान जब्त
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अब्दुल रहमान के घर पर की गई छापेमारी में कई संदिग्ध दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह स्थानीय स्तर पर धर्मांतरण की गतिविधियों में सक्रिय था और छांगुर बाबा के नेटवर्क से जुड़ा हुआ था। अब्दुल को पूछताछ के लिए यूपी पुलिस अपने साथ ले गई है।

डोईवाला की मरियम के रोल की भी जांच
डोईवाला की रहने वाली एक महिला मरियम से भी एटीएस ने गहन पूछताछ की है। जांच एजेंसियों को संदेह है कि मरियम भी इस रैकेट का हिस्सा रही हो सकती है, हालांकि अभी तक उसकी भूमिका स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मरियम की गतिविधियों और संपर्कों की गहराई से जांच कर रही है।

देहरादून समेत कई क्षेत्रों में फैल सकता है नेटवर्क
छांगुर बाबा के इस रैकेट की उत्तराखंड में मौजूदगी ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस को अलर्ट कर दिया है। देहरादून पुलिस अन्य क्षेत्रों में भी रैकेट के संभावित लिंक तलाशने में जुट गई है। सूत्रों के अनुसार, देहरादून के कुछ अन्य हिस्सों में भी धर्मांतरण गतिविधियों के संकेत मिले हैं, जिनकी जांच जारी है।

धर्मांतरण के नाम पर धोखा, साजिश का पर्दाफाश
यूपी एटीएस द्वारा की गई इस कार्रवाई से एक बार फिर साफ हो गया है कि धर्मांतरण के नाम पर संगठित साजिशें चल रही हैं। छांगुर बाबा पहले भी धर्मांतरण के कई मामलों में नामजद रह चुका है। अब उत्तराखंड में भी उसकी जड़ें मिलने से सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button