हाई सिक्योरिटी जोन में एयरफोर्स चीफ इंजीनियर की हत्या
हत्या से सहमे लोग, पुलिस ने सील किया कमरा, कर रही जांच

राज्य मुख्यालय/लखनऊ: सीएम योगी आदित्यनाथ के प्रदेश में फिर से क्राइम सिर उठा रहा है। बदमाश सरकारी अफसरों को निशाना बनाने से भी बाज नहीं आ रहे हैं। ऐसा ही मामला प्रयागराज से सामने आया है, जहां बदमाशों ने एयरफोर्स के चीफ इंजीनियर की गोली मारकर हत्या कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कमरे को सील कर दिया है।
खिड़की खुलवाकर सीने में मारी गोली
पुरामुफ्ती थाना क्षेत्र के बमरौली स्थित एयरपोर्ट कॉलोनी में एयरफोर्स के चीफ इंजीनियर एसएन मिश्रा अपने घर में सो रहे थे। तभी शनिवार सुबह तीन बजे किसी ने घर के बाहर से आवाज लगाई। नींद से जागे चीफ इंजीनियर खिड़की के पास पहुंचे और जैसे ही खिड़की खोलकर देखना चाहा। सामने से हमलावर ने गोली दाग दी और फरार हो गया। सीने में गोली लगते ही चीफ इंजीनियर की मौके पर ही मौत हो गई। गोली लगने की आवाज सुनकर परिवार के अन्य लोग जागे और उन्हें खून से लथपथ अवस्था में आर्मी अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
इलाके में भारी मात्रा में फोर्स तैनात
बदमाशों ने हाई सिक्योरिटी जोन में घुसकर बदमाशों ने एयरफोर्स के चीफ इंजीनियर एसएन मिश्रा की हत्या की वारदात को अंजाम दिया। इससे क्षेत्र में तनाव है, लोग डरे हुए हैं। ऐसे में इलाके में भारी संख्या में पुलिस-फोर्स को तैनात किया गया है। हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले को पकड़ने के लिए पुलिस सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है। आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे हैं। वहीं चीफ इंजीनियर की हत्या के पीछे रंजिश की आशंका भी जताई जा रही है।पुलिस की मामले की छानबीन में जुटी है? हत्या को लेकर पुलिस हर एंगल से जांच करने में जुटी है।
कॉलोनी में 24 घंटे रहता है सुरक्षाकर्मियों को पहरा
डीआईजी अजय पाल ने कहा कि बमरौली एयरफोर्स का हाई सिक्योरिटी इलाका है। यहां 24 घंटे सुरक्षाकर्मियों का पहरा रहता है। चीफ इंजीनियर का घर सेंट्रल एयर कमांड के नार्थ जोन में आता है। ऐसे में हमलावर कॉलोनी के अंदर बाउंड्री पार करके उनके घर तक कैसे पहुंचे इसकी जांच की जा रही है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
डीआईजी ने कहा कि पुलिस रंजिश के एंगल को लेकर भी जांच कर रही है। क्या कहीं किसी ठेके को लेकर तो हत्या तो नहीं की गई। डीआईजी ने बताया कि एसएन मिश्रा ज्वाइंट सेक्रेटरी लेवल के अफसर थे। यह एयरफोर्स में बड़ा और अहम पद होता है। ऐसे में उनकी हत्या के पीछे के कारणों की गहराई से जांच की जा रही है। जल्द ही हत्या की वारदात का खुलासा हो सकेगा।
अखिलेश ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल
मामले को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर निशाना साधा है। अखिलेश ने कहा कि हाई सिक्योरिटी जोन में सिविल चीफ़ इंजीनियर की गोली मारकर हत्या करने की खबर कहीं न कहीं उप्र की क़ानून-व्यवस्था के ज़ीरो हो जाने का समाचार है। जो सरकार अपराधियों के प्रदेश छोड़ने का दावा कर रही थी उसके ही राज में लॉ एंड ऑर्डर को ‘प्रदेश निकाला’दे दिया है।






