देहरादूनरुद्रप्रयागहादसा

गौरीकुंड के पास हेलिकॉप्टर क्रैश, पांच तीर्थयात्रियों की मौत

एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर राहत-बचाव में जुटीं

रुद्रप्रयाग, 15 जून (जन एक्सप्रेस संवाददाता)। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में एक दर्दनाक हादसे में पांच तीर्थयात्रियों की जान चली गई है। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर स्थित गौरीकुंड और सोनप्रयाग के बीच एक हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह हेलिकॉप्टर आर्यन एविएशन कंपनी का था, जो केदारनाथ से यात्रियों को लेकर लौट रहा था। एडीजी कानून व्यवस्था डॉ. वी. मुरुगेशन ने बताया कि हेलिकॉप्टर कुछ समय के लिए लापता हो गया था, जिसके बाद यह पुष्टि हुई कि वह गौरीकुंड क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। हेलिकॉप्टर में कुल छह लोग सवार थे, जिनमें से पांच की मृत्यु की पुष्टि हो चुकी है। शेष एक व्यक्ति की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

राहत-बचाव कार्य तेज़ी से जारी

घटना की सूचना मिलते ही एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें घटनास्थल की ओर रवाना हो गई हैं। पहाड़ी इलाका और खराब मौसम राहत कार्यों में बाधा बन रहे हैं, लेकिन प्रशासन की कोशिश है कि जल्द से जल्द बचाव कार्य पूरा किया जाए।

दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू

फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन खराब मौसम और तकनीकी खराबी की संभावना जताई जा रही है। नागरिक उड्डयन विभाग और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम दुर्घटना की जांच करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button