उत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

सम्पूर्ण समाधान दिवस पर जिलाधिकारी ने सुनी जनता की फरियादें, दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र की अध्यक्षता में शनिवार को मा. कांशीराम सामुदायिक भवन में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस मौके पर भारी संख्या में फरियादी अपनी समस्याओं को लेकर पहुँचे।
जिलाधिकारी ने एक-एक शिकायत को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण व त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान ही सम्पूर्ण समाधान दिवस की सार्थकता को सिद्ध करेगा।

कार्यक्रम के दौरान तहसील सदर के नेवादा निवासी बाबूराम व अन्य ने चकमार्ग की पैमाइस के लिए प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। इस पर जिलाधिकारी ने एसीओ सदर प्रथम को नियमानुसार सीमांकन कराकर आख्या प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। वहीं, लखौवा निवासी सितारा देवी ने विपक्षियों पर निर्माण कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाया। जिलाधिकारी ने इस मामले में उपजिलाधिकारी सदर को नियमानुसार निस्तारण करने के आदेश दिए।

इस अवसर पर अधिकांश शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित रहीं। जिलाधिकारी ने राजस्व अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी राजस्व वादों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

कार्यक्रम में कुल 81 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 08 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।

सम्पूर्ण समाधान दिवस पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. लक्ष्मी सिंह, उपजिलाधिकारी संतवीर सिंह, क्षेत्राधिकारी देवेश सिंह व परमानन्द कुशवाहा, तहसीलदार सौरभ कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) राम अक्षयवर चौहान की अध्यक्षता में तहसील केराकत के सभागार में भी सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इसके अलावा जिले की सभी तहसीलों में भी सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित कर जनसमस्याओं की सुनवाई की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button