उत्तर प्रदेशमहराजगंजराज्य खबरें

महराजगंज: प्रभारी मंत्री ने विकास कार्यों की समीक्षा बैठक

बेहतर करें या बेहतर बनें, मंत्री दयालु के निर्देशों से जिला प्रशासन में नई ऊर्जा

जन एक्सप्रेस/महराजगंज: जनपद के प्रभारी मंत्री एवं राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन डॉ. दयाशंकर मिश्रा ‘दयालु’ ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिले के विभिन्न विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट मांगी और कार्य में और अधिक तीव्रता व पारदर्शिता लाने के निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि प्रदेश को वन ट्रिलियन अर्थव्यवस्था बनाने में हर जनपद की महत्वपूर्ण भूमिका है, इसलिए सभी अधिकारी नवाचारों को बढ़ावा दें और बेहतर परिणाम देने के लिए नए प्रयोग करें। उन्होंने पीएम सूर्यघर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने पर बल देते हुए कहा कि यह योजना पर्यावरण संरक्षण और निर्बाध विद्युत आपूर्ति दोनों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके माध्यम से अधिकतम लोगों को लाभान्वित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक गांव और मजरे तक निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही विद्युत बिल राहत योजना की जानकारी आमजन तक पहुंचे, ताकि पात्र लोग इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि पहली बार सरकार द्वारा मूल बिजली बिल में भी राहत प्रदान की जा रही है, अतः इसका प्रसार-प्रचार तेज किया जाए।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा करते हुए उन्होंने स्वयं सहायता समूहों के लिए वृहद स्तर पर प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने तथा संबंधित अधिकारियों की अनिवार्य सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उद्यमिता को प्रोत्साहन देने और पर्यटन, कृषि व एमएसएमई क्षेत्रों में रोजगार की संभावनाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए।
बैठक में मंत्री जी ने पिछले निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की और संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि अधिकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें। जनप्रतिनिधियों से प्राप्त शिकायतों और सुझावों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इससे पूर्व जिलाधिकारी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मंत्री जी का स्वागत किया। बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने मंत्री जी को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि दिए गए निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष श्री संजय पाण्डेय, डीएफओ श्री निरंजन सुर्वे, सीएमओ डॉ. श्रीकांत शुक्ला, एडीएम (वि/रा) डॉ. प्रशांत कुमार सहित जनपद के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button