
जन एक्सप्रेस हरिद्वार।(चंद्रप्रकाश बहुगुणा): अखिल विश्व गायत्री परिवार तथा देवसंस्कृति विश्वविद्यालय हरिद्वार के युवा प्रतिनिधि डॉ. चिन्मय पण्ड्या आगामी जनवरी 2026 में आयोजित होने वाले शताब्दी समारोह के प्रयाज क्रम के अंतर्गत चार दिवसीय प्रवास पर छत्तीसगढ़ पहुंचे। रायपुर आगमन पर गायत्री साधकों ने उनका आत्मीय स्वागत किया गया।प्रवास के दौरान डॉ. पण्ड्या छत्तीसगढ़ के विभिन्न शहरों आयोजित यज्ञीय एवं जागरण-आधारित कार्यक्रमों को संबोधित करेंगे। उनका उद्देश्य प्रदेश के युवाओं, महिलाओं और समाज के विभिन्न वर्गों में नैतिक जागरण, सकारात्मकता और सेवा-भाव को प्रोत्साहित करना है। डॉ. पण्ड्या ने बताया कि शताब्दी वर्ष मात्र एक उत्सव नहीं, बल्कि संस्कार, सेवा और समर्पण का विश्वव्यापी अभियान है। उन्होंने छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विविधता और सामाजिक बंधुत्व की भावना की सराहना करते हुए प्रदेशवासियों को हरिद्वार में आयोजित होने वाले शताब्दी समारोह में उत्साहपूर्वक सहभागी बनने का आह्वान किया। अपने प्रवास के दौरान वे स्थानीय प्रज्ञा मंडलों, युवा प्रकोष्ठों और महिला मंडलों के प्रतिनिधियों से भी भेंट करेंगे तथा शताब्दी समारोह के लिए प्रदेश में चल रही तैयारियों की समीक्षा करेंगे। विभिन्न स्थानों पर होने वाले आयोजन प्रदेश के व्यापक जनसमूह को इस महायज्ञ से जोडऩे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।






