रविदास जयंती पर महोबा पुलिस रही अलर्ट, कड़ी सुरक्षा के बीच सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण संपन्न
पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप सिंह ने संवेदनशील इलाकों में किया भ्रमण, जुलूसों पर रही कड़ी नजर

जन एक्सप्रेस/ महोबा: संत शिरोमणि रविदास जी की जयंती के अवसर पर जनपद में शांति, सौहार्द एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए महोबा पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। पुलिस अधीक्षक महोबा प्रबल प्रताप सिंह ने भारी पुलिस बल के साथ जनपद के संवेदनशील स्थलों, प्रमुख चौराहों एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान ड्यूटी में लगे पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को सतर्क रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।
अपर पुलिस अधीक्षक महोबा वन्दना सिंह द्वारा विभिन्न थाना क्षेत्रों में निकाले जाने वाले जुलूसों एवं कार्यक्रमों के निर्धारित मार्गों का निरीक्षण किया गया। उन्होंने आयोजनकर्ताओं से संवाद कर तय मार्गों पर ही जुलूस निकालने, सुरक्षा मानकों के पालन तथा किसी भी प्रकार के भड़काऊ, आपत्तिजनक या जातिसूचक गानों के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस कर्मियों को संयम और सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने को कहा गया।
जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में निरंतर भ्रमणशील रहकर एरिया डोमिनेशन, सतत निगरानी एवं प्रभावी पुलिसिंग की गई। पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, मोबाइल पेट्रोलिंग एवं त्वरित रिस्पांस टीमों की सक्रियता के चलते जिले में सभी जुलूस व कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न हुए। पुलिस और आमजन के समन्वय से पूरे जनपद में सौहार्दपूर्ण माहौल बना रहा।






