“पेट्रोल-डीजल और गैस सिलेंडर की कालाबाजारी पर प्रशासन सख्त”

जन एक्सप्रेस/महराजगंज: जिले में पेट्रोल-डीजल और घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी तथा अवैध रिफिलिंग पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए विशेष जांच अभियान शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के निर्देश पर जनपद की चारों तहसीलों में जांच टीमें गठित कर दी गई हैं, जो गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंपों पर औचक निरीक्षण कर अनियमितताओं की पड़ताल करेंगी।
जारी आदेश के अनुसार गठित टीमों की अध्यक्षता संबंधित तहसीलों के उपजिलाधिकारी करेंगे। टीम में जिला पूर्ति विभाग के अधिकारी, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक, विधिक माप विज्ञान विभाग के निरीक्षक तथा संबंधित गैस कंपनियों के विक्रय अधिकारी को सदस्य बनाया गया है।
प्रशासन द्वारा बनाई गई टीमें महराजगंज सदर, निचलौल, फरेंदा और नौतनवा तहसील क्षेत्रों में स्थित गैस एजेंसियों, पेट्रोल पंपों और संबंधित प्रतिष्ठानों की सघन जांच करेंगी। जांच के दौरान अवैध गैस रिफिलिंग, सिलेंडरों की जमाखोरी, माप-तौल में गड़बड़ी और अन्य अनियमितताओं की विशेष रूप से जांच की जाएगी।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी मिलने पर तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही सभी टीमों को प्रतिदिन की कार्रवाई की रिपोर्ट जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को राहत देना और बाजार में पारदर्शिता सुनिश्चित करना है। प्रशासन की इस सख्ती से कालाबाजारी करने वालों में हड़कंप मच गया है।






