जौनपुर: सक्षम दुबे और काव्या राव बने जनपद टॉपर, नवोदय प्रवेश परीक्षा में सुतौली विद्यालय का जलवा

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जनपद जौनपुर के बदलापुर क्षेत्र में जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा 2026-27 के परिणाम घोषित हो गए हैं, जिसमें प्राथमिक विद्यालय सुतौली के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है।
इस परीक्षा में छात्र सक्षम दुबे ने सामान्य वर्ग में जनपद में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, इसी विद्यालय की छात्रा काव्या राव ने अनुसूचित वर्ग में जिला टॉप कर सफलता का परचम लहराया।
प्राथमिक विद्यालय सुतौली के इन दोनों छात्रों की उपलब्धि से विद्यालय और क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।
विकास खंड बदलापुर से कुल पांच छात्रों ने नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। इनमें प्राथमिक विद्यालय गजेंद्रपुर के रूद्र कुमार, प्राथमिक विद्यालय रैभानीपुर के हैप्पी और प्राथमिक विद्यालय लालगंज की प्रियांशी भी शामिल हैं।
सफलता प्राप्त करने वाले सभी छात्रों को खंड शिक्षा अधिकारी अरविंद कुमार पांडे और नोडल शिक्षक डॉ. ओम प्रकाश गुप्त ने सम्मानित करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।






