उत्तराखंड

विश्व टीबी दिवस पर पिथौरागढ़ में 100 दिवसीय उन्मूलन अभियान का शुभारंभ

जन एक्सप्रेस/उत्तराखंड: विश्व क्षय रोग (टीबी) दिवस के अवसर पर 24 मार्च को जनपद पिथौरागढ़ में प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत 100 दिवसीय टीबी उन्मूलन अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन क्षेत्रीय विधायक श्री मयूख महर द्वारा टीबी वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया गया।

इस अवसर पर मोस्टामानू क्षेत्र में एक विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 100 संदिग्ध टीबी मरीजों की निःशुल्क एक्सरे जांच की गई। साथ ही 130 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक दवाएं वितरित की गईं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, ऐसे शिविरों के माध्यम से टीबी रोगियों की शीघ्र पहचान कर उनका समय पर उपचार सुनिश्चित किया जाएगा।

विश्व टीबी दिवस के तहत राजकीय मेडिकल कॉलेज पिथौरागढ़ में जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में प्रवासी मजदूरों, कर्मचारियों एवं स्थानीय लोगों को टीबी के लक्षण, बचाव और उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सिविल जज/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती मंजू देवी उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.एस. नबियाल, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा अर्चना कौशिक, डा रक्षित शुक्ला, डा सागर चंद सहित अन्य चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने भाग लिया। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति को दो सप्ताह से अधिक समय तक खांसी, बुखार या अन्य टीबी के लक्षण दिखाई दें, तो वह तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर निःशुल्क जांच कराएं। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ ललित भट्ट ने बताया कि टीबी उन्मूलन के लिए जन-जागरूकता और समय पर जांच अत्यंत आवश्यक है, और इसके लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार अभियान चला रहा है।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button