केदारनाथ यात्रा 2026: 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए बाबा केदारनाथ के दर्शन

जन एक्सप्रेस/ रुद्रप्रयाग: जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के कुशल नेतृत्व, सतत मॉनिटरिंग और प्रभावी प्रशासनिक व्यवस्थाओं के चलते केदारनाथ यात्रा 2026 सफलता के नए आयाम स्थापित कर रही है। जिला प्रशासन द्वारा यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने हेतु लगातार युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है। इसी का परिणाम है कि अब तक 10,69,717 से अधिक श्रद्धालु बाबा केदारनाथ धाम के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित कर चुके हैं।
यात्रा के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन ने यात्रा मार्ग पर व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संवेदनशील स्थानों पर पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग की टीमें तैनात की गई हैं। इसके साथ ही एम्बुलेंस सेवा, प्राथमिक उपचार केंद्र, पेयजल सुविधा, स्वच्छ शौचालय, साफ-सफाई और नियमित कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था भी सुचारू रूप से संचालित की जा रही है।
यात्रा मार्ग पर यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, घोड़ा-खच्चर संचालन तथा हेलीकॉप्टर सेवाओं की निगरानी भी प्रशासन द्वारा लगातार की जा रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर सहायता केंद्र और सूचना केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां यात्रियों को यात्रा संबंधी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।
मौसम की स्थिति और यात्रा मार्ग की लगातार निगरानी की जा रही है ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। इसी क्रम में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने अलकनंदा-मंदाकिनी संगम स्थित संगम व्यू प्वाइंट पहुंचकर तीर्थयात्रियों से सीधे संवाद किया और यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर उनका फीडबैक लिया।
श्रद्धालुओं ने जिला प्रशासन द्वारा की गई सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता अभियान और यात्रा सुविधाओं की सराहना करते हुए यात्रा को व्यवस्थित, सुरक्षित और सुगम बताया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान सभी व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जाए तथा प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित एवं सहज यात्रा अनुभव उपलब्ध कराया जाए।






