उत्तराखंडनई टिहरी

टिहरी में खाद्य सुरक्षा विभाग का जागरूकता अभियान

कारोबारियों को दिए गए सुरक्षित खाद्य मानकों के निर्देश

जन एक्सप्रेस/ नई टिहरी: मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जनपद टिहरी गढ़वाल में खाद्य कारोबारकर्ताओं को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत विभिन्न क्षेत्रों में बैठकें आयोजित कर खाद्य सुरक्षा के नए नियमों, स्वच्छता मानकों और सुरक्षित भोजन परोसने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जा रही हैं।

इसी क्रम में यात्रा मार्ग के प्रमुख केंद्र चंबा में खाद्य कारोबारकर्ताओं के साथ एक जागरूकता बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागीय अधिकारियों ने खाद्य सुरक्षा से जुड़े नवीनतम नियमों की जानकारी दी तथा व्यापारियों की समस्याओं और सुझावों पर चर्चा की।

विभाग द्वारा अब तक कैम्पटी, धनोल्टी, आगराखाल, नरेंद्रनगर, तपोवन, ब्यासी सहित कई क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। वहीं यात्रा सीजन शुरू होने से पहले तीनधारा और घनसाली में भी खाद्य कारोबारकर्ताओं के साथ बैठकें आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए थे। इन बैठकों का नेतृत्व उपायुक्त खाद्य सुरक्षा गणेश कंडवाल ने किया।

270 खाद्य नमूनों की जांच, 50 पाए गए अधोमानक

मई माह से यात्रा मार्ग पर विभाग की सचल खाद्य विश्लेषणशाला (मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब) द्वारा विभिन्न बाजारों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच की जा रही है। इस दौरान करीब 270 खाद्य नमूनों का परीक्षण किया गया।

जांच में लगभग 50 नमूने अधोमानक पाए गए, जिनके संबंध में संबंधित खाद्य कारोबारकर्ताओं को तत्काल जानकारी देकर ऐसे उत्पादों को हटाने और मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

सचल विश्लेषणशाला के माध्यम से मुनि की रेती, नरेंद्रनगर, आमसीरा, खाड़ी, कमांद और कंडीसौड़ बाजारों में भी जागरूकता बैठकें आयोजित की गईं।

विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस पर विशेष निर्देश

विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस के अवसर पर सभी खाद्य कारोबारकर्ताओं को स्वच्छ एवं सुरक्षित भोजन परोसने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने विशेष रूप से कालातीत (एक्सपायर्ड) खाद्य पदार्थों की बिक्री या उपयोग न करने की हिदायत दी। साथ ही फूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड लगाने, स्वच्छता मानकों का पालन करने और उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।

व्यापार मंडल चंबा के सहयोग से आयोजित बैठक में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी शारदा शर्मा, व्यापार मंडल अध्यक्ष बलबीर सिंह पुंडीर, कोषाध्यक्ष अमित सिंह चौहान, विकास बहुगुणा, राकेश गुनसोला, नरेंद्र चंद्र रमोला, संजय रावत सहित अनेक व्यापारी और खाद्य कारोबारकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button