उत्तराखंडटिहरी

टिहरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: दो स्कूटी चोर गिरफ्तार, चोरी की स्कूटी बरामद

जन एक्सप्रेस/ नई टिहरी: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत थाना मुनि की रेती पुलिस को वाहन चोरी के एक मामले के सफल अनावरण में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी की स्कूटी बरामद करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार 12 जून को विनोद कुमार पुत्र स्वर्गीय सीताराम, निवासी बनखंडी, ऋषिकेश (जनपद देहरादून) ने थाना मुनि की रेती में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी स्कूटी संख्या UK07AC-7649 नौ जून की रात चोरी हो गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी श्वेता चौबे ने तत्काल घटना के खुलासे के निर्देश दिए। अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी एवं क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक मुनि की रेती के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने क्षेत्र के 80 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया। तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों की पहचान कर उन्हें शनिवार रात निर्माणाधीन रेलवे रोड, सुमन पार्क ढालवाला के पास से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवांश पाल (21 वर्ष) और प्रियांशु पाल (21 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से मोहल्ला शांतिनगर, थाना मिश्राना, जनपद लखीमपुर खीरी (उत्तर प्रदेश) के निवासी हैं तथा वर्तमान में हरिपुर, थाना सेलाकुई, जनपद देहरादून में रह रहे थे।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई प्लेजर स्कूटी भी बरामद कर ली। पूछताछ में दोनों अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 9 जून की रात रामझूला क्षेत्र स्थित चोटीवाला रेस्टोरेंट के पास से स्कूटी चोरी की थी।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button