उत्तराखंडनई टिहरी

नई टिहरी में UKSSSC स्नातक स्तरीय परीक्षा शांतिपूर्वक सम्पन्न, 52.78 प्रतिशत अभ्यर्थी हुए शामिल

जन एक्सप्रेस/ नई टिहरी: उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) द्वारा आयोजित स्नातक स्तरीय लिखित परीक्षा रविवार को जनपद टिहरी में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न हुई। परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं।

जिला मजिस्ट्रेट नितिका खण्डेलवाल के निर्देशानुसार आयोग की गाइडलाइन के अनुरूप परीक्षा संपन्न कराने हेतु अपर जिलाधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया था। इसके अलावा प्रत्येक परीक्षा केंद्र के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा जोनल मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई थी।

अपर जिलाधिकारी एवं नोडल अधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने बताया कि जनपद में जिला मुख्यालय सहित कुल 11 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा में पंजीकृत 2838 अभ्यर्थियों में से 1498 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जबकि 1340 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार परीक्षा में कुल उपस्थिति 52.78 प्रतिशत दर्ज की गई।

परीक्षा के दौरान प्रशासन द्वारा सभी केंद्रों पर सुरक्षा, निगरानी और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने चंबा और नई टिहरी स्थित सभी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा परीक्षा संचालन की निगरानी की।

प्रशासन ने परीक्षा के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन के लिए सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और परीक्षा केंद्र व्यवस्थापकों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button