
जन एक्सप्रेस / नई टिहरी: ग्रामीण क्षेत्र विकास समिति (राडस) की सचिव श्रीमती कुंभीबाला भट्ट के आकस्मिक निधन पर समिति परिवार, सामाजिक संगठनों और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है।
समिति के अध्यक्ष सुशील बहुगुणा ने बताया कि कुंभीबाला भट्ट वर्ष 1996 से ग्रामीण क्षेत्र विकास समिति से जुड़ी थीं। लगभग तीन दशकों तक उन्होंने समाजसेवा के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाई और ग्रामीण विकास से जुड़े अनेक अभियानों को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
उन्होंने कहा कि कुंभीबाला भट्ट ने निर्मल गांव अभियान, महिला सशक्तीकरण, कन्या भ्रूण हत्या के विरुद्ध जनजागरूकता, दिव्यांगजनों की सहायता तथा सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता फैलाने जैसे कार्यों में उल्लेखनीय योगदान दिया। समिति की ‘शराब नहीं, संस्कार’ मुहिम को गांव-गांव तक पहुंचाने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसे लंबे समय तक याद किया जाएगा।
क्षेत्रीय विधायक किशोर उपाध्याय ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि कुंभीबाला भट्ट ने लगभग तीन दशकों तक समाजसेवा को समर्पित जीवन जिया और सामाजिक सरोकारों के लिए लगातार कार्य किया। उनका योगदान समाज के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
राडस अध्यक्ष सुशील बहुगुणा ने कहा कि उनके निधन से समिति ने एक समर्पित और कर्मठ सहयोगी खो दिया है, जिसकी भरपाई करना कठिन होगा।
कुंभीबाला भट्ट के निधन पर लक्ष्मी बहुगुणा, जगदीश बड़ोनी, रवीश चमोली और धर्मेंद्र पंवार सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों ने भी गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।






