UP Breaking Newsउत्तर प्रदेशराज्य खबरेंहरदोई

विद्यालय गौरव सम्मान समारोह में एसआई बनीं पूर्व छात्रा अंजलि वर्मा सम्मानित

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- सुरसा विकासखंड स्थित दयानन्द इंटर कॉलेज में गुरुवार को विद्यालय गौरव सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की पूर्व छात्रा अंजलि वर्मा को उत्तर प्रदेश पुलिस में सब-इंस्पेक्टर पद पर चयनित होने पर ‘विद्यालय गौरव सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया। उनकी सफलता को संघर्ष, धैर्य और दृढ़ संकल्प का प्रेरणादायक उदाहरण बताया गया।

खुटेहना गांव की रहने वाली अंजलि वर्मा ने सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर यह मुकाम हासिल किया। उन्होंने प्रारंभिक और माध्यमिक शिक्षा दयानन्द इंटर कॉलेज, सुरसा से प्राप्त की। उन्होंने वर्ष 2018 की हाईस्कूल परीक्षा में 71 प्रतिशत और 2020 की इंटरमीडिएट परीक्षा में 73 प्रतिशत अंक हासिल किए।

10 सेकंड की असफलता को बनाया सफलता की सीढ़ी

अंजलि वर्मा चार भाई-बहनों में सबसे बड़ी हैं। उनके संघर्ष की सबसे खास बात यह रही कि उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती की दौड़ में वह महज 10 सेकंड से चयन से वंचित रह गई थीं। हालांकि उन्होंने इस असफलता को अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया और लगातार मेहनत जारी रखी।

दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास के बाद अंजलि ने उत्तर प्रदेश पुलिस में सब-इंस्पेक्टर पद हासिल कर अपने परिवार, गांव और विद्यालय का नाम रोशन किया। उनकी कहानी अब विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बन गई है।

स्मृति चिन्ह और सम्मान-पत्र देकर किया सम्मानित

समारोह में विद्यालय के प्रबंधक सुधाकर शर्मा और प्रधानाचार्य अखिलेश कुमार ने अंजलि वर्मा को स्मृति चिन्ह एवं सम्मान-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि अंजलि की उपलब्धि प्रत्येक छात्र-छात्रा के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने विश्वास जताया कि अंजलि आगे भी पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए समाज और देश की सेवा करेंगी।

विद्यार्थियों को कानून और महिला सुरक्षा की जानकारी

कार्यक्रम के दौरान सुरसा थानाध्यक्ष विश्वास शर्मा ने विद्यार्थियों को कानून, सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

वहीं महिला आरक्षी स्नेहलता ने मिशन शक्ति अभियान के तहत छात्राओं को महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा और उनके अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी।

इस अवसर पर अनुराग मिश्रा, ऋषभ मिश्रा सहित विद्यालय परिवार के सदस्य, गणमान्य नागरिक, अभिभावक और क्षेत्रवासी मौजूद रहे। सभी ने अंजलि वर्मा को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button