उत्तर प्रदेशराज्य खबरेंहरदोई

हरदोई: ऑपरेशन मजनू के तहत एंटी रोमियो टीम ने आरबी मेमोरियल एजुकेशन सेंटर में चलाया जागरूकता अभियान

जन एक्सप्रेस | हरदोई :- महिलाओं एवं छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए थाना हरपालपुर पुलिस की एंटी रोमियो टीम ने ऑपरेशन मजनू अभियान के तहत आरबी मेमोरियल एजुकेशन सेंटर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी देकर उन्हें सतर्क एवं जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया।

अभियान के दौरान पुलिस टीम ने विद्यालय परिसर और उसके आसपास का निरीक्षण किया। छात्राओं से संवाद कर उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली गई और उन्हें किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तत्काल यूपी-112, महिला हेल्पलाइन 1090 अथवा स्थानीय पुलिस से संपर्क करने की सलाह दी गई।

एंटी रोमियो टीम ने विद्यालय के बाहर बिना कारण खड़े युवकों की भी जांच की और उन्हें स्कूल परिसर के आसपास अनावश्यक रूप से भीड़ न लगाने की हिदायत दी। पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि छात्राएं बिना किसी भय के अपनी पढ़ाई जारी रखें और किसी भी असामाजिक गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

थाना हरपालपुर पुलिस के अनुसार, छात्राओं की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ऑपरेशन मजनू के तहत इस तरह के जागरूकता अभियान आगे भी नियमित रूप से चलाए जाते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button