उत्तराखंडरुद्रप्रयाग

रुद्रप्रयाग में रेलवे सड़क के पुस्ते में पड़ीं मोटी दरारें, नीचे बने मकानों पर मंडराया खतरा

जन एक्सप्रेस / रुद्रप्रयाग: नगर के गुलाबराय क्षेत्र में रेलवे सड़क के किनारे बने पुस्ते में मोटी दरारें पड़ने और कई जगह दीवार टूटने से नीचे स्थित आवासीय भवनों पर खतरा मंडरा रहा है। मानसून के दौरान बारिश बढ़ने के साथ स्थिति और गंभीर होने की आशंका से स्थानीय लोगों में चिंता बनी हुई है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक रेलवे सड़क के पुस्ते में जगह-जगह बड़ी दरारें दिखाई दे रही हैं। कई हिस्सों में दीवार टूटने के कारण पुस्ता कमजोर हो गया है। इसके ठीक नीचे कई आवासीय भवन स्थित हैं, जिससे वहां रहने वाले परिवारों को किसी संभावित हादसे की आशंका सता रही है।

रेलवे कार्यालय में की शिकायत

स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने गुलाबराय स्थित रेलवे कार्यालय में मौखिक रूप से शिकायत कर स्थिति से अवगत कराया है। लोगों ने अधिकारियों से सवाल किया कि यदि पुस्ते के क्षतिग्रस्त होने के कारण किसी प्रकार की जान-माल की हानि होती है तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद अभी तक मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई है।

बारिश में बढ़ सकता है खतरा

नगरवासियों के मुताबिक बारिश के कारण पुस्ते में मौजूद दरारें और बढ़ सकती हैं। ऐसे में किसी संभावित हादसे से पहले क्षतिग्रस्त दीवार का निरीक्षण और जरूरी मरम्मत कराया जाना बेहद जरूरी है।

स्थानीय लोगों ने रेलवे परियोजना के अधिकारियों और प्रशासन से मौके का तत्काल निरीक्षण कराने, पुस्ते की तकनीकी जांच कराने और नीचे स्थित आवासीय भवनों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

समय रहते कार्रवाई की मांग

लोगों का कहना है कि मानसून के दौरान यदि क्षतिग्रस्त पुस्ते की स्थिति और बिगड़ती है तो नीचे बने मकानों के लिए खतरा बढ़ सकता है। इसलिए संबंधित विभागों को मामले को गंभीरता से लेते हुए समय रहते सुरक्षा और मरम्मत की कार्रवाई करनी चाहिए।

-नरेंद्र रावत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button