उत्तराखंडचिन्यालीसौड़

चिन्यालीसौड़ के बड़ेथी में पेयजल समस्या के स्थायी समाधान की पहल, जल संस्थान ने किया निरीक्षण

सीपी बहुगुणा संवाददाता

जन एक्सप्रेस/ चिन्यालीसौड़: नगर पालिका चिन्यालीसौड़ के वार्ड संख्या-7 स्थित ग्राम बड़ेथी में लंबे समय से बनी पेयजल समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में उत्तराखंड जल संस्थान की टीम ने स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने क्षेत्र में पेयजल स्रोत, वितरण व्यवस्था और मौजूदा खामियों का जायजा लिया।

पेयजल स्रोत और लाइन व्यवस्था का किया निरीक्षण

अधीक्षण अभियंता, टिहरी वृत्त उत्तराखंड जल संस्थान के निर्देश पर विभागीय अधिकारियों ने क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से भी बातचीत कर पेयजल समस्या से जुड़ी जानकारी एवं सुझाव लिए गए।

निरीक्षण में पेयजल स्रोत से लेकर वितरण लाइन तक की स्थिति का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद खामियों को भी देखा और समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।

एक सप्ताह में तैयार होगा प्राक्कलन

यह निरीक्षण अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, ओबीसी एवं अल्पसंख्यक संरक्षण मंच के प्रदेश अध्यक्ष दर्शन लाल द्वारा 31 जुलाई 2026 को भेजे गए पत्र के बाद सचिव, पेयजल के निर्देश पर कराया गया।

पत्र में वार्ड संख्या-7 ग्राम बड़ेथी की लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के स्थायी एवं प्रभावी समाधान की मांग की गई थी।

निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने बताया कि संबंधित पेयजल योजना का डीपीआर/प्राक्कलन एक सप्ताह के भीतर तैयार कर शासन को स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। स्वीकृति मिलने के बाद पेयजल लाइन के सुधारीकरण का कार्य शुरू किया जाएगा।

पाइपलाइन में मिली कई गंभीर खामियां

वार्ड संख्या-7 बड़ेथी के सभासद मनबीर लाल ने बताया कि निरीक्षण के दौरान पेयजल स्रोत पर प्लास्टिक पाइप का इस्तेमाल, जंग लगा लोहे का चैंबर, कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त और रिसाव वाली पेयजल लाइन तथा रास्तों और सड़कों के किनारे खुले में बिछी पाइपलाइन जैसी समस्याएं सामने आईं।

स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि विभागीय निरीक्षण और प्रस्तावित योजना के बाद लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा।

निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता विनोद चंद रमोला, अधिशासी अभियंता एल.सी. रमोला, विभागीय कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button