उत्तराखंडनारायणबगड़

मुख्यमंत्री ट्रॉफी के लिए मैदान में उतरे खिलाड़ी, खेल महाकुंभ में दिखा उत्साह

जन एक्सप्रेस / उत्तराखण्ड : राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज नारायणबगड़ के खेल मैदान में बृहस्पतिवार को न्याय पंचायत स्तरीय मुख्यमंत्री ट्रॉफी (खेल महाकुंभ)-2026 का आगाज हुआ। अंडर-14 और अंडर-19 बालक-बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्साह के साथ प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान केवर (नारायणबगड़) देवेंद्र कोहली ने किया। दो दिवसीय खेल महाकुंभ में दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, खो-खो और कबड्डी सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।

पहले दिन सीनियर बालक वर्ग की 800 मीटर दौड़ में राजकीय इंटर कॉलेज पैंतोली के बबलू ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। नारायणबगड़ के अमित दूसरे और पैंतोली के हिमांशु तीसरे स्थान पर रहे। जूनियर बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में राजकीय इंटर कॉलेज पैंतोली के दिव्यांशु प्रथम, आदित्य द्वितीय और राजकीय इंटर कॉलेज नारायणबगड़ के आयुष तृतीय स्थान पर रहे।

खेल महाकुंभ के संयोजक एवं प्रधानाचार्य डॉ. जीएस नेगी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं युवाओं में अनुशासन और खेल भावना विकसित करने के साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती हैं।

आयोजक समिति के पदाधिकारी रहे मौजूद: कार्यक्रम स्थल पर आयोजक समिति के पदाधिकारी बलवीर लाल प्रवक्ता, डॉ. अपर्णा सती प्रवक्ता, केएस पंवार प्रवक्ता, बसंती फर्स्वाण खेल शिक्षिका, हरिशानंद जोशी प्रवक्ता और एनएस रावत प्रवक्ता सहित अन्य शिक्षक एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे। प्रतियोगिता में न्याय पंचायत स्तर के व्यायाम शिक्षक-शिक्षिकाओं और युवाओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button