
जिला संवाददाता -सुल्तान अंसारी
जन एक्सप्रेस/रामनगर : नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रामनगर पुलिस ने गुल्लरघट्टी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और घरों से कुल 7.553 किलो गांजा, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और गांजे की पुड़िया बनाने में इस्तेमाल होने वाली पन्नियां बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार टीम ने 14 सितंबर को गुल्लरघट्टी क्षेत्र में छापेमारी की। इस दौरान कामेश त्यागी के कमरे से 800 ग्राम गांजा, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और पन्नियां बरामद हुईं। पुलिस के अनुसार कामेश को गांजे की पुड़िया बनाते हुए पकड़ा गया।
विजय सागर के कमरे से 465 ग्राम और भरत उर्फ बब्लू के कमरे से 975 ग्राम गांजा तथा पन्नियां बरामद हुईं। इसी दौरान अजीम के घर पर दबिश दी गई, जहां उसकी पत्नी नाजिया के कब्जे से 3.798 किलो गांजा और पन्नियां बरामद हुईं। वहीं नगमा के कब्जे से 1.405 किलो गांजा और पन्नियां बरामद की गईं। पुलिस के अनुसार पांचों आरोपियों से कुल 7.553 किलो गांजा बरामद हुआ है। मामले में कोतवाली रामनगर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में कामेश त्यागी (29), भरत उर्फ बब्लू (52), विजय सागर (46), नाजिया (23) और नगमा (28) शामिल हैं। सभी गुल्लरघट्टी नई बस्ती, थाना रामनगर क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार कामेश त्यागी के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के दो मुकदमे दर्ज हैं।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीपक बिष्ट, उपनिरीक्षक वीरेन्द्र बिष्ट, मनोज सिंह अधिकारी, जोगा सिंह, हर्ष बहादुर पाल, सुष्मिता राणा समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।



