
जिला संवाददाता -सुल्तान अंसारी
जन एक्सप्रेस/रुद्रपुर : पुराना खेड़ा क्षेत्र में घर में हुई चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक जोड़ी सफेद धातु की पायल और 55 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुराना खेड़ा निवासी नित्यानंद ने 30 अगस्त को कोतवाली रुद्रपुर में तहरीर दी थी कि रात में अज्ञात चोर घर के मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे और अलमारी का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, कैमरा और करीब 90 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्र में जांच करने के साथ संदिग्धों की जानकारी जुटाई और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। 14 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली कि चोरी के मामले में संदिग्ध एक युवक तीन पानी तिराहे से एफएसएल रोड की ओर जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने रात करीब 8:15 बजे युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम अमन रस्तोगी (19) पुत्र अशोक रस्तोगी, निवासी कृष्णा कॉलोनी, ट्रांजिट कैंप बताया। तलाशी में उसके पास से एक जोड़ी पायल और 55 हजार रुपये बरामद हुए। पुलिस के अनुसार बरामद पायल चोरी के मामले से संबंधित है, जबकि नकदी चोरी किए गए आभूषण बेचकर प्राप्त की गई थी। मामले में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक धीरज टम्टा, उपनिरीक्षक नरेश पंत, हेड कांस्टेबल राजकुमार सिंह और कांस्टेबल महेंद्र कुमार शामिल रहे।



