FATEHPURउत्तर प्रदेश

औंग में बारिश बनी आफत, भिंडी तोड़ने को मजबूर किसान, धान-बाजरे की फसल गिरी, अंडरब्रिज में भरा पानी

जन एक्सप्रेस /फतेहपुर :-  मलवां विकासखंड के औंग थाना क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश ने किसानों की कमर तोड़ दी है। अकबरखेड़ा के किसान रविंद्र अपने परिवार सहित घुटने भर पानी में खड़े होकर भी बरसते पानी में भिंडी की फसल तोड़ने को मजबूर हैं। किसान का कहना है कि अगर तैयार फसल नहीं तोड़ी तो फसल खराब हो जाएगी और पूरी मेहनत बर्बाद हो जाएगी। चारों तरफ से किसान ही मारा जा रहा है, जो फसल तोड़कर पैसा मिल जाए वही बहुत है।

अत्यधिक वर्षा और तेज हवा चलने से धान और बाजरे की खड़ी फसल पूरी तरह जमीन पर गिर गई है। किसान राजा मियां ने बताया कि खड़ी फसल गिरने से काटने में दिक्कत आती है और दाना भी खराब हो जाता है, जिससे पूरी मेहनत पानी में मिल गई है। वहीं औंग रेलवे क्रॉसिंग अंडरग्राउंड ब्रिज में 2 दिन से हो रही बारिश के कारण पानी भर गया, जिससे आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई। दो व चार पहिया वाहन पानी निकलने का इंतजार करते रहे। बाद में ट्रैक्टर से पानी निकालने के बाद कार, मोटरसाइकिल और ई-रिक्शा निकल सके। औंग कस्बे में बरसात के कारण एक पुराना कुआं अचानक रात में धंस गया। गांव के अभिषेक पटेल ने बताया कि कुएं में बरसात का पानी जा रहा था और देखरेख न होने से जीर्ण अवस्था में पड़ा कुआं भरभराकर धंस गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button