प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रदेश की खुशहाली की कामना की

देहरादून । प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने गंगोत्री धाम के कपाट खुलने के शुभ अवसर पर उत्तराखंड राज्य की जनता की खुशहाली और सुखद भविष्य के लिए कामना की। इस शुभ अवसर पर विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री और यमुनोत्री धाम पधारने वाले श्रद्धालुओं का हार्दिक स्वागत और अभिनन्दन किया।
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष संगठन प्रशासन मथुरादत्त जोशी ने बताया कि 22 अप्रैल को अक्षय तृतीया के पर्व पर प्रारम्भ हुई ऐतिहासिक चारधाम यात्रा के आरम्भ होने के शुभ अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने गंगोत्री धाम पहुंचकर कपाट खुलने के समय प्रतिभाग किया। मां गंगा और यमुना से लोक कल्याण की प्रार्थना करते हुए उत्तराखंड राज्यवासियों की खुशहाली और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंडवासी भाग्यशाली हैं, यहां की धरती को मां गंगा और यमुना की प्रसूता होने का गौरव प्राप्त है।
उत्तराखंड के हिमालयी क्षेत्र का जहां पूरे विश्व का पर्यावरण से सरोकार है वहीं मां गंगा, यमुना और उसकी सहायक नदियों पर करोड़ों लोगों का भाग्य निर्भर करता है। करोड़ों करोड़ लोगों की आस्था की प्रतीक मॉं गंगा, यमुना यह नहीं देखती है कि कौन किस जाति, धर्म, समुदाय का है वह सबको समभाव से देखती हैं तथा सबके लिए आदरणीय हैं।






