भारी बारिश के कारण फिर रोकी गई केदारनाथ-गंगोत्री यात्रा

उत्तराखंड– बारिश ने पूरा उत्तर भारत तबाह कर दिया है। आसमानी बारिश के कारण राज्यों को भी करोड़ों रुपयों का नुकसान हुआ है वहीं जनजीवन पूरा अस्त व्यस्त हो गया है। उत्तर भारत में पिछले तीन दिन से हो रही बारिश के कारण कई लोगों की जान भी गई है। हर राज्य में प्रशासन ने राहत और बचाव प्रयासों में भी तेजी लाई है। वहीं उत्तराखंड में जारी केदारनाथ यात्रा और गंगोत्री यात्रा को एक बार फिर रोका गया है।
हिमाचल प्रदेश में बारिश से जुड़ी घटनाओं में मृतक संख्या 31 हो गई है। उत्तराखंड में भी पांच लोगों की मौत की खबर है। उत्तर प्रदेश, राजस्थान और पंजाब में एक-एक व्यक्ति की मौत बारिश के कारण हुई है। लगातार हो रही बारिश से लोग बेहद परेशान है। कई राज्यों में स्कूल-कॉलेज बंद किए गए है। वहीं परीक्षाएं भी रद्द की गई है। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग ने 23 जुलाई को होने वाली HPAS की परीक्षा को रद्द कर दिया है। हिमाचल में हो रही लगातार बारिश के कारण मनाली में अचानक बाढ़ आ गई और एक पुल भी ढह गया है। मनाली में भारी बारिश के कारण कई र्यटक फंस गए है।
दिल्ली में खतरे के निशान से ऊपर यमुना
राजदानी दिल्ली भी बाढ़ के कहर से नहीं बच पाई है। राजधानी में यमुना का जलस्तर 207.14 हो गया है, जो खतरे के निशान से ऊपर है। वहीं ओल्ड रेलवे ब्रिज के किनारे पर यमुना तेज बहाव के साथ बह रही है। यमुना में आई बाढ़ यमुना खादर के इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। जलस्तर बढ़ने से पानी लोगों के घरों में घुस गया है। ऐसे में लोग अपना घर छोड़ दूसरी जगह रहने को मजबूर है। ऐहतियात के तौर पर पुराना पुल से ट्रैफिक नहीं निकाला जा रहा है। इसपर आवाजाही पूरी तरह से बंद की गई है।
रोकी गई केदारनाथ यात्रा
इसी बीच उत्तरखंड में भी भारी बारिश हो रही है। इस कारण केदारनाथ यात्रा को रोक दिया गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने यात्रियों को सोनप्रयाग और गौरीकुंड में यात्रा को रोका है। यात्रा कब तक जारी होगी ये अभी पता नहीं चला है। प्रशासन ने गंगोत्री यात्रा को भी रोका है।
पंजाब हरियाणा में 15 लोगों की मौत
बीते तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण पंजाब और हरियाणा में 15 लोगों की मौत हो गई है। राज्यों में बारिश नहीं हो रही है मगर शहर बारिश के पानी में डूबे हुए है। मंगलवार को बारिश से संबंधित घटनाओं के कारण छह और लोगों की मौत हुई है।






