देश

किसानों और युवाओं के साथ कांग्रेस सरकार ने किया धोखा : केंद्रीय मंत्री शेखावत

जोधपुर । केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने किसानों और युवाओं के साथ धोखा किया है। किसानों के ऋण माफ करने के बजाय उनकी जमीनें नीलाम की जा रही हैं। राजस्थान का आत्मस्वाभिमानी किसान आत्महत्याएं करने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में राज नहीं कुराज है। यह सरकार अब रेवड़ियां बांटकर जनता को बहका रही है, लेकिन पिछली बार धोखा खा चुकी जनता इस बार गहलोत सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए पूरी तरह तैयार है।

शेखावत बुधवार को लूणी में भाजपा की परिवर्तन संकल्प यात्रा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने वादा किया था कि सरकार बनने के बाद दस तक की गिनती गिनने जितने समय में किसानों का ऋण माफ कर दिया जाएगा, लेकिन गहलोत सरकार ने यह वादा आज तक पूरा नहीं किया। उल्टे किसानों की जमीन नीलाम कर रहे हैं। इन्होंने किसानों के साथ धोखा किया। अब तक 20 हजार किसानों की जमीन नीलाम हो चुकी। कर्ज से परेशान दो हजार से अधिक किसानों ने आत्महत्या कर ली। इस बार राज तो रूठा ही राम भी रूठ गया। कहीं ज्यादा बारिश से फसलें खेत में गल गईं तो कहीं सूखे के कारण फसलें सूख गईं। गहलोत सरकार कहां तो मुफ्त बिजली का दावा कर रही थी, यहां किसानों को बिजली ही नहीं दी जा रही। इसके चलते वे सिंचाई नहीं कर पाए और उनकी आंखों के सामने ही फसल बर्बाद हो गई।

शेखावत ने कहा कि ऐसा लगता है कि गहलोत सरकार ने इंश्योरेंस कंपनी के साथ मिलीभगत कर रखी है। फसल बीमा योजना का मुआवजा भी उन्हें नहीं दिया जा रहा है। एक प्रकार से इस सरकार ने राजस्थान को बर्बाद करने का पाप किया है। इस सरकार ने युवाओं के साथ धोखा किया। उन्हें बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया था, लेकिन नहीं दिया। भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक होते रहे।

चुनाव के समय याद आई महंगाई

शेखावत ने गहलोत सरकार के महंगाई राहत शिविरों पर तंज कसते हुए कहा कि सरकार को अब अंत समय में लग गया कि हमारी सरकार जाने वाली है, तब महंगाई याद आई है। चार साल तक सरकार क्या करती रही? अब राहत शिविर लगा रही है, लेकिन जनता अब सब समझ चुकी है। एक बार इनके बहकावे में आ गई, दूसरी बार झांसे में नहीं आने वाली।

कुर्सी बचाने में लगी रही सरकार…

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अपनी कुर्सी को बचाने के लिए कई तरह के हथकंडे अपनाए। कानून का राज स्थापित करने में कोताही बरती। राजस्थान में भ्रष्टाचार को ऊंचाई पर लेकर गए। महंगाई को बढाया। बेरोजगारी को पहले पायदान पर पहुंचाया। महिला अपराध में प्रदेश को देश में एक नंबर पर पहुंचाया। इस सरकार के कार्यकाल में दो लाख महिलाओं के साथ बलात्कार हुए। दलितों पर होने वाले अत्याचार को एक नंबर पर पहंचाया। कुल मिलाकर राजस्थान को अपराध का गढ़ बना दिया। सरकार की इस नाकामी को उजागर करने के लिए ही भाजपा को परिवर्तन यात्रा निकालनी पड़ी।

जल;जीवन मिशन में भ्रष्टाचार

शेखावत ने कहा कि पूरे देश में जल जीवन मिशन का काम तेजी से चल रहा है, लेकिन एक कहावत है कि मोर जब अपने पैरों की ओर देखता है तो रोता है। मुझे भी जल जीवन मिशन में मेरे अपने राजस्थान की स्थिति देखकर दु:ख होता है। यहां राजस्थान को 30 हजार करोड़ रुपए दिया, लेकिन इमसें भ्रष्टाचार की बंदरबांट हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button