हरियाणा में मिड-डे-मील वर्कर्स की 4 अगस्त को हड़ताल, कुरुक्षेत्र में होगा महापड़ाव

जन एक्सप्रेस /कुरुक्षेत्र :- मिड-डे-मील वर्कर्स यूनियन हरियाणा ने अपनी लंबित मांगों को लेकर 4 अगस्त को कुरुक्षेत्र की नई अनाज मंडी में प्रदेश स्तरीय हड़ताल और महापड़ाव आयोजित करने का ऐलान किया है। इस संबंध में यूनियन की प्रदेशाध्यक्ष राजरानी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर सरकार से मांगों के तत्काल समाधान की अपील की।
प्रदेशाध्यक्ष राजरानी ने आरोप लगाया कि सरकार मिड-डे-मील वर्कर्स की समस्याओं की लगातार अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि महंगाई के मौजूदा दौर में कम मानदेय में परिवार चलाना मुश्किल हो गया है। इसके अलावा वर्कर्स की छंटनी किए जाने से कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ रही है।
राजरानी ने बताया कि 4 अगस्त को प्रदेशभर की मिड-डे-मील वर्कर्स खाना नहीं बनाएंगी और कुरुक्षेत्र पहुंचकर मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी मांगें रखेंगी। यूनियन ने प्रदेश सरकार से कर्मचारियों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार करते हुए मांगों को जल्द लागू करने की मांग की है।
मिड-डे-मील वर्कर्स की प्रमुख मांगें
यूनियन की ओर से वर्कर्स के लिए 26 हजार रुपये न्यूनतम वेतन और पूरे 12 महीने का मानदेय देने की मांग की गई है। इसके साथ ही वर्कर्स को नियमित करने, सेवानिवृत्ति की आयु 65 वर्ष करने और सेवानिवृत्ति पर 3 लाख रुपये का लाभ देने की मांग भी शामिल है।
यूनियन ने वर्कर्स की छंटनी पर तत्काल रोक लगाने तथा हटाए गए कर्मचारियों को दोबारा बहाल करने की मांग की है। इसके अलावा वार्षिक वर्दी भत्ता बढ़ाकर 2 हजार रुपये करने और मिड-डे-मील योजना को 12वीं कक्षा तक लागू करने की मांग उठाई गई है।
वर्कर्स ने दुर्घटना की स्थिति में 50 हजार रुपये और कर्मचारी की मृत्यु होने पर आश्रितों को 5 लाख रुपये मुआवजा देने का प्रावधान किए जाने की भी मांग की है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान गगनदीप, सुनीता, ओपी माटा, सत्यवान, सरबती देवी, लाल देवी, प्रकाश और जयभगवान सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। यूनियन ने कहा कि मांगों का समाधान नहीं होने पर आंदोलन को आगे भी जारी रखा जाएगा।






