उत्तर प्रदेशहरदोई

20 साल बाद वार्ड-10 को मिली पक्की सड़क, विधायक निधि से पूरा हुआ सपना

जन एक्सप्रेस/महराजगंज आदर्श नगर पंचायत सोनौली के वार्ड संख्या-10 के निवासियों का करीब 20 वर्षों से लंबित सड़क निर्माण का सपना आखिरकार पूरा हो गया। विधायक निधि से निर्मित सड़क के पूर्ण होने पर शुक्रवार को क्षेत्रवासियों द्वारा सम्मान समारोह एवं लोकार्पण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी का वार्डवासियों ने फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। इसके बाद विधायक ने नव निर्मित सड़क का विधिवत लोकार्पण कर उसे जनता को समर्पित किया।

स्थानीय नागरिकों ने बताया कि पिछले लगभग दो दशकों से सड़क निर्माण की मांग विभिन्न जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के समक्ष रखी जा रही थी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा था। विधायक ऋषि त्रिपाठी के प्रयासों से विधायक निधि के माध्यम से सड़क निर्माण कार्य को स्वीकृति मिली, जिससे अब क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा होगी।

लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए विधायक ऋषि त्रिपाठी ने कहा कि नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों को कीचड़ मुक्त और बेहतर सड़क सुविधाओं से जोड़ना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास और जनता को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं और विकास की यह गति भविष्य में भी जारी रहेगी।

कार्यक्रम में भाजपा नेता दीपक बाबा, मनोनीत सभासद रवि वर्मा, व्यापारी नेता बबलू सिंह, सुभाष जायसवाल, राजकुमार नायक, प्रदीप नायक, राजकुमार गुप्ता, हरिनारायण लोधी, प्रेम जायसवाल, धर्मेंद्र जायसवाल, अमरजीत वर्मा, गुरु मद्धेशिया, आनंद जायसवाल, बैजनाथ कौशल, श्रीनिवास जायसवाल, राजू पटवा, राजू जायसवाल, कृपा शंकर मद्धेशिया, सागर विश्वकर्मा, अमित गुप्ता, लोकेंद्र जायसवाल और विकास मिश्रा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

वार्डवासियों ने सड़क निर्माण के लिए विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्षों पुरानी समस्या के समाधान से क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिली है और लोगों के दैनिक जीवन में काफी सहूलियत आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button