utrakhandउत्तरकाशी

उत्तरकाशी-तिलवाड़ा मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग बनने की ओर, गडकरी ने धामी के प्रस्ताव पर कार्रवाई शुरू की

 चंद्रप्रकाश बहुगुणा

जन एक्सप्रेस /उत्तरकाशी :-  उत्तरकाशी से तिलवाड़ा तक के महत्वपूर्ण मोटर मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने की दिशा में बड़ी उम्मीद जगी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अनुरोध पर केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने प्रस्ताव पर विचार का आश्वासन देते हुए पत्र भेजकर अवगत कराया है कि उत्तरकाशी-कमद-अयारखाल-बूढ़ाकेदार-चमियाला-घनसाला-तिलवाड़ा मार्ग को ऑलवेदर रोड चारधाम परियोजना से जोड़ते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने के अनुरोध को संबंधित अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही हेतु भेज दिया गया है। यह प्रक्रियात्मक स्तर पर एक महत्वपूर्ण पहल है, अंतिम निर्णय तकनीकी परीक्षण के बाद होगा।

यह मार्ग उत्तरकाशी, टिहरी और रुद्रप्रयाग तीन जनपदों की लाइफलाइन सिद्ध होगा। इसके राष्ट्रीय राजमार्ग बनने से चारधाम यात्रा, स्थानीय आवागमन, पर्यटन, व्यापार और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को नया आयाम मिलेगा तथा आंतरिक क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी।

स्थानीय लोगों की दृढ़ इच्छा थी कि यह रूट सीधे ऑलवेदर परियोजना में शामिल हो, जिससे दो धामों की यात्रा और आसान होती, लेकिन अब राष्ट्रीय राजमार्ग के रूप में ही सही, यह मांग पूरी होने की ओर बढ़ना भी उत्तम कदम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री लगातार प्रदेश की महत्वपूर्ण सड़कों को राष्ट्रीय नेटवर्क से जोड़ने के प्रस्ताव केंद्र के समक्ष रख रहे हैं।

सामरिक दृष्टि से भी यह मार्ग अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि उत्तरकाशी और चमोली सीमांत जनपद हैं जिनकी सीमाएं अन्य देशों से लगती हैं। युद्ध और सुरक्षा की दृष्टि से यहां सड़कों का बेहतर होना जरूरी है। इस प्रस्ताव पर कार्रवाई शुरू होने से पर्वतीय बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलने की उम्मीद बढ़ी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button