उत्तराखंडदेहरादून

विधवा को बीमा दिलाने को डीएम ने बैंक पर लगाई 17 लाख की आरसी

जनहित में डीएम सविन बंसल का एक और कड़ा फैसला, कहा- 16 जून तक मिले सीमा को अधिकार, वरना बैंक का पूरा व्यापार होगा बंद

जन एक्सप्रेस/देहरादून(उत्तराखण्ड) : मुख्यमंत्री की प्रेरणा से जनहित में लगातार निर्णायक भूमिका निभा रहे देहरादून के जिलाधिकारी सविन बंसल ने एक बार फिर अपने चिरपरिचित अंदाज़ में जनता को राहत पहुंचाने वाला बड़ा फैसला लिया है। इस बार जिला जनदर्शन कार्यक्रम में पहुंचीं एक विधवा महिला को न्याय दिलाने के लिए डीएम ने सीधे बैंक पर ही 17 लाख से अधिक की वसूली की कार्यवाही कर डाली।

मामला है सीमा गुप्ता नामक महिला का, जिनके पति की मृत्यु 15 मई 2024 को हो गई थी। उनके पति ने डीसीबी प्रा0लि0 बैंक से 15.50 लाख का ऋण लिया था, जिसका बीमा आईसीआईसीआई लोंबार्ड द्वारा किया गया था। पति की मृत्यु के बाद सीमा को बीमा राशि मिलनी थी, जिससे ऋण समाप्त हो जाता, लेकिन बैंक और बीमा कंपनी दोनों ने टालमटोल शुरू कर दी।

बैंक ने न तो बीमा क्लेम की प्रक्रिया आगे बढ़ाई और न ही महिला की कोई सहायता की। एक साल से न्याय की उम्मीद में दर-दर भटक रहीं सीमा गुप्ता ने जब अपनी पीड़ा डीएम सविन बंसल के समक्ष रखी, तो जिलाधिकारी ने तत्काल डीसीबी बैंक प्रबंधन को तलब कर लिया।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए डीएम ने बैंक प्रबंधक के ढीले रवैये पर सख्त नाराज़गी जताई और तत्काल प्रभाव से 17,05,000 की वसूली प्रमाणपत्र (आरसी) जारी करने के आदेश दिए। जिला प्रशासन ने यह आरसी 9 जून को जारी करते हुए 16 जून तक राशि जमा करने के सख्त निर्देश भी दिए हैं।

डीएम ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा, “अगर 16 जून तक महिला को उसका हक नहीं मिला तो बैंक का संपूर्ण व्यवसाय बंद करवा दिया जाएगा।”
यह फैसला न केवल महिला के लिए राहत लेकर आया है, बल्कि जनदर्शन कार्यक्रम की उपयोगिता और प्रशासनिक इच्छाशक्ति की मिसाल भी बना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button