उत्तर प्रदेशप्रतापगढ़राज्य खबरें

शिकंजे में शातिर : शादी का झांसा देकर ठगी करने वाला युवक गिरफ्तार, जेल

जन एक्सप्रेस /प्रतापगढ़: कोहड़ौर थाना इलाके के एक गांव की युवती के साथ पड़ोसी जिले के एक युवक ने अपना फर्जी नाम व पता बताते हुए शादी का झांसा देकर युवती से तैंतीस हजार रुपये ठग लिए। जब युवती व उसके परिजनों को ठगे जाने का एहसास हुआ तो अज्ञात युवक के खिलाफ थाने में तहरीर दी। फिलहाल 24 घण्टे के भीतर ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर उसे जेल भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार कोहड़ौर थाना इलाके के एक गांव की युवती ने थाने पर तहरीर देते हुए आरोप लगाया है कि बीते 24 नवम्बर को रास्ता पूछने के बहाने एक युवक ने खुद को सरकारी अध्यापक बताकर उसे रोका। युवती ने जब रास्ता बताया तो युवक ने भूल जाने का बहाना करते हुए उसे बाइक पर बैठाया। फिर अपनी मोबाइल खराब होने की बात कहकर फोन करने के लिए युवती से उसका मोबाइल लिया और चुपके से उसका नम्बर लेकर सेव कर लिया। फिर दोनों में बातचीत शुरू हुई। आरोप है कि इस दौरान युवक ने युवती को शादी का झांसा दिया जिसके बाद युवती ने अपने परिजनों से युवक की बात कराई और तय हुआ कि माह भर बाद शादी की बात होगी। इस दौरान दोनों के बीच फोन पर बराबर बात होती रही। बीते दिसम्बर में युवक ने अपना फोन खराब होने की बात कहकर युवती को कोहड़ौर बाजार बुलाया और उसका फोन ले लिया फिर युवती के नाम पर उसी के पैसे से एक दूसरा मोबाइल फाइनेंस करवाकर उसे दे दिया। फिर कुछ दिनों बाद युवक ने मामा की बीमारी का बहाना बनाकर युवती व उसके परिजनों से तैंतीस हजार रुपये भी ठग लिए। फिर हफ्ते भर बाद तो गजब हो गया युवती के पास फोन आया और युवक की दुर्घटना में मौत बताकर उसके अंतिम संस्कार के नाम पर पांच हजार रुपये मांगे गये। जब युवती के परिजनों ने पूछताछ करने का प्रयास किया तो युवक का मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। फिर क्या था युवती व उसके परिजनों को एहसास हो गया कि वो ठगी के शिकार हो चुके हैं। जिसके बाद युवती रविवार को परिजनों के साथ थाने पहुंची और तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले की गहनता से छानबीन की तो आरोपी युवक को चिन्हित कर लिया। जिसके बाद एसओ कोहड़ौर धनन्जय राय व उनकी पुलिस टीम ने अमेठी जिले के रामगंज थाना इलाके के रामपुर निवासी अभियुक्त महेश यादव को चौबीस घंटे के भीतर ही सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने फर्जी आधार कार्ड, मोबाइल फोन व मोटरसाइकिल बरामद किया है। एसओ कोहड़ौर धनंजय राय ने बताया कि एक युवती की तहरीर पर युवक के खिलाफ ठगी का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी युवक को गिरफ्तार कर सोमवार को जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button