शिक्षा चौपाल में गूंजा ज्ञान का संदेश, वार्षिकोत्सव में बच्चों की प्रतिभा ने जीता दिल

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर सिरकोनी विकासखंड के कम्पोजिट विद्यालय सेहमलपुर में गुरुवार को “शिक्षा चौपाल एवं विद्यालय वार्षिकोत्सव” का भव्य आयोजन उत्साह और गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में शिक्षा के प्रति जागरूकता और निपुण भारत अभियान को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया एवं विशिष्ट अतिथि बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने नव नामांकित बच्चों का माल्यार्पण कर स्वागत किया और उन्हें कॉपी-पेंसिल वितरित कर प्रोत्साहित किया। बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन कराएं, जिससे शिक्षा का स्तर और मजबूत हो सके। कार्यक्रम के दौरान 20 नए बच्चों का नामांकन भी कराया गया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छात्रा आरूषि यादव और आयुषी यादव की बनाई गई कलाकृति रही, जिसे मुख्य विकास अधिकारी को भेंट किया गया। उनकी इस प्रतिभा से प्रभावित होकर दोनों छात्राओं और उनकी माता को शॉल व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। बच्चों ने गीत, नृत्य और नाटक के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थित अभिभावकों और ग्रामीणों ने खूब सराहा।
खंड शिक्षा अधिकारी अमरेश कुमार सिंह सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने शिक्षा की गुणवत्ता सुधार और जनजागरूकता बढ़ाने पर बल दिया। कार्यक्रम के अंत में प्रभारी प्रधानाध्यापक इरफान खान ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं ग्रामवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं और अभिभावकों की सहभागिता को सशक्त बनाते हैं।






