
जन एक्सप्रेस/नई टिहरी: प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र की पट्टी उपली रमोली में शुक्रवार शाम हुई भीषण ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। तेज ओलों से फलदार पेड़ों और खेतों में खड़ी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है, जिससे क्षेत्र के काश्तकारों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।
ओलावृष्टि से बेजाभागी, किमखेत, रैका, सदड़, कुड़ियाल गांव, महर गांव, सोंदी, मुखेम, पोखरी, घंडियाल गांव, दिनगांव और हेरवाल गांव सहित पूरे उपली रमोली क्षेत्र में व्यापक नुकसान हुआ है।
ग्रामीणों के अनुसार आलू, राजमा, सेव, खुमानी, अमरूद और चूलू जैसी मुख्य फसलें पूरी तरह प्रभावित हुई हैं। किसान कई महीनों से मेहनत कर फसल तैयार कर रहे थे और उन्हें उम्मीद थी कि इससे परिवार का पालन-पोषण और आर्थिक जरूरतें पूरी होंगी, लेकिन अचानक आई ओलावृष्टि ने उनकी उम्मीदों को बड़ा झटका दिया है।
स्थानीय किसानों का कहना है कि इस प्राकृतिक आपदा से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है और अब उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश राणा, कुशाल सिंह बिष्ट और विनोद सिंह बिष्ट ने सरकार और प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल सर्वे कराने तथा किसानों को उचित मुआवजा और राहत प्रदान करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में किसानों को तत्काल सहायता मिलनी चाहिए।






