
जन एक्सप्रेस / पुरोला : उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के पुरोला क्षेत्र से दुखद खबर सामने आई है। टौंस वन प्रभाग के अंतर्गत ठडुंग बीट के कक्ष संख्या-05 में जंगल की आग बुझाने के दौरान वन विभाग के कर्मचारी और बीट अधिकारी सोहन सिंह की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद वन विभाग, परिजनों और स्थानीय लोगों में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार बुधवार शाम जंगल में लगी आग को नियंत्रित करने के लिए सोहन सिंह लीसा कूप संख्या-2 के श्रमिकों के साथ मौके पर पहुंचे थे। सभी ने मिलकर आग पर काफी हद तक काबू पा लिया। शाम करीब 7 बजे श्रमिक अपने डेरे की ओर लौट गए, जबकि सोहन सिंह भी घर के लिए रवाना हुए।
हालांकि देर रात तक उनके घर नहीं पहुंचने पर परिजनों को चिंता हुई। परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की और वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही विभागीय टीम, ग्रामीणों और परिजनों ने जंगल में व्यापक खोज अभियान चलाया।
खाई के पास मिला शव
प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) डीपी बलूनी के अनुसार, काफी खोजबीन के बाद सोहन सिंह का शव कक्ष क्षेत्र के सिरोड़ा खड्ड नामक तोक के समीप मिला। आशंका जताई जा रही है कि आग बुझाने के दौरान या वापस लौटते समय वे किसी दुर्घटना का शिकार हो गए।
देर रात ही शव को खाई से निकालकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की गई और परिजनों को सौंप दिया गया।
जनप्रतिनिधियों ने जताया शोक
वनकर्मी की असामयिक मृत्यु पर क्षेत्रीय विधायक दुर्गेश लाल, पूर्व विधायक मालचंद, प्रमुख निशीता शाह, नगर पालिका अध्यक्ष विहारी लाल शाह, हरिमोहन जुंवाठा तथा डीएफओ डीपी बलूनी समेत कई जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और लोग दिवंगत वनकर्मी को श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
ला (उत्तरकाशी)






