उत्तराखंडटिहरीनई टिहरी

नई टिहरी में आयुष चिकित्सालय बौराडी में ‘सर्वांग स्वेदन चिकित्सा’ सेवा हुई शुरू

जन एक्सप्रेस /नई टिहरी :-  जनपदवासियों को बेहतर आयुर्वेदिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए आयुष विंग जिला चिकित्सालय बौराडी, नई टिहरी में ‘सर्वांग स्वेदन चिकित्सा’ सेवा की शुरुआत कर दी गई है। इस नई सुविधा के शुरू होने से अब मरीजों को आधुनिक आयुर्वेदिक उपचार के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

वरिष्ठ चिकित्साधिकारी (आयुर्वेद) डॉ. सिद्धि मिश्रा ने बताया कि सर्वांग स्वेदन आयुर्वेद की एक प्रभावी उपचार पद्धति है, जिसमें औषधीय भाप के माध्यम से पूरे शरीर को स्वेदन दिया जाता है। यह प्रक्रिया शरीर में संचित विषैले तत्वों को बाहर निकालने, रक्त संचार को बेहतर बनाने तथा मांसपेशियों और जोड़ों के दर्द से राहत दिलाने में सहायक मानी जाती है।

उन्होंने बताया कि यह चिकित्सा विशेष रूप से गठिया, कमर दर्द, सर्वाइकल, जोड़ों के दर्द, मांसपेशियों की जकड़न, तनाव और वातजनित रोगों से पीड़ित मरीजों के लिए लाभकारी है। चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार नियमित रूप से इस उपचार का लाभ लेकर मरीज बेहतर स्वास्थ्य प्राप्त कर सकते हैं।

डॉ. सिद्धि मिश्रा ने बताया कि सर्वांग स्वेदन चिकित्सा प्रशिक्षित चिकित्सकीय टीम की निगरानी में की जाती है। प्रत्येक मरीज की स्वास्थ्य स्थिति का मूल्यांकन करने के बाद ही उपचार शुरू किया जाता है, जिससे सुरक्षित और प्रभावी चिकित्सा सुनिश्चित हो सके।

जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. सुभाष चन्द ने बताया कि जनपदवासियों को बेहतर आयुष चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राजकीय आयुष चिकित्सालय, नई टिहरी में सर्वांग स्वेदन चिकित्सा मशीन उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि इस सुविधा से स्थानीय स्तर पर ही आधुनिक आयुर्वेदिक उपचार उपलब्ध होगा और मरीजों को उपचार के लिए अन्य स्थानों पर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

आयुष विभाग के चिकित्सकों ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे इस नई चिकित्सा सुविधा का लाभ उठाएं और किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लेकर उचित उपचार प्राप्त करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button