
जन एक्सप्रेस / पुरोला : अमर शहीद श्रीदेव सुमन की जयंती एवं सुमन दिवस के अवसर पर नगर पालिका परिषद पुरोला सहित क्षेत्र की विभिन्न सरकारी, गैर-सरकारी, सामाजिक, राजनीतिक एवं शैक्षणिक संस्थाओं द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान वृक्षारोपण भी किया गया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने श्रीदेव सुमन के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने श्रीदेव सुमन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की तथा दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
वक्ताओं ने कहा कि श्रीदेव सुमन ने टिहरी रियासत की दमनकारी नीतियों के विरुद्ध लोकतंत्र, जन अधिकारों और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनका संघर्ष और बलिदान आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने संकल्प लिया कि श्रीदेव सुमन के आदर्शों, विचारों और बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जाएगा तथा न्याय, समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए उनके बताए मार्ग पर चलने का प्रयास किया जाएगा।






