उत्तराखंडदेहरादून

त्यूनी में 150 टीन अवैध लीसा बरामद, वन विभाग ने तीन तस्करों को किया गिरफ्तार

जन एक्सप्रेस/ देहरादून: उत्तराखंड के त्यूनी क्षेत्र में वन विभाग ने अवैध वन उपज की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 150 टीन अवैध लीसा (रेजिन) बरामद किया है। इस मामले में तीन तस्करों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार सुद्धोवाला (देहरादून) भेज दिया गया। वन विभाग ने बोलेरो पिकअप वाहन को भी जब्त कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, निकासी चौकी हटाल पर वन विभाग का बैरियर स्टाफ रात के समय नियमित जांच अभियान चला रहा था। इसी दौरान एक बोलेरो पिकअप वाहन को रोककर उसकी जांच की गई। वाहन तिरपाल से ढका हुआ था और ऊपर 14 खाली प्लास्टिक सब्जी कैरेट रखे गए थे। जांच टीम को वाहन की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद विस्तृत तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान प्लास्टिक कैरेटों के नीचे छिपाकर रखा गया 150 टीन अवैध लीसा बरामद हुआ। प्रारंभिक पूछताछ में चालक राहुल ने बताया कि लीसा उत्तरकाशी जिले के मोरी क्षेत्र से लाया गया था और इसे अवैध रूप से हिमाचल प्रदेश के शिलाई क्षेत्र में बेचने के लिए ले जाया जा रहा था।

घटना की सूचना मिलते ही रेंज अधिकारी शिवानी रावत के निर्देश पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। कार्रवाई में वन दरोगा दिनेश पंवार, वन बीट अधिकारी बलबीर सिंह तथा वन आरक्षी हंसराम, जगत नेगी और चमन लाल सहित अन्य कर्मचारियों ने भाग लिया। टीम ने वाहन और जब्त लीसा को सुरक्षित त्यूनी रेंज कार्यालय पहुंचाया।

वन विभाग ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम, 1927 (उत्तराखंड संशोधन) की संबंधित धाराओं के तहत वन अपराध दर्ज किया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान राहुल (निवासी पासा, तहसील मोरी, उत्तरकाशी), कृष्णा (निवासी उत्तरकाशी) तथा मुकेश (निवासी डुंडा, उत्तरकाशी) के रूप में हुई।

वन विभाग के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए आरोपी पहले भी अवैध लीसा परिवहन और वन उपज तस्करी से जुड़े मामलों में कार्रवाई का सामना कर चुके हैं। विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि इस तस्करी के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।

रेंज अधिकारी शिवानी रावत ने कहा कि आरक्षित वनों की सुरक्षा और वन संपदा के संरक्षण के लिए विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वन उपज की अवैध कटाई, परिवहन और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

वन विभाग की इस कार्रवाई को क्षेत्र में वन तस्करी पर बड़ी सफलता माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जंगलों की सुरक्षा और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए नियमित चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button