
जिला संवाददाता – यशराज
जन एक्सप्रेस / देहरादून: अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस-2026 के अवसर पर राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, तपोवन रोड, रायपुर के सभागार में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में युवाओं को शिक्षा, तकनीकी कौशल, नैतिक मूल्यों, अनुशासन और नशामुक्त जीवन का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राजीव गांधी नवोदय विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. सुनीता भट्ट ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ तकनीकी कौशल भी हासिल करना चाहिए, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर देश के विकास में योगदान दे सकें। उन्होंने युवाओं से जीवन में नैतिक मूल्यों और अनुशासन को विशेष महत्व देने का आह्वान किया।
नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश
सीआईएमएस एवं यूआईएचएमटी के चेयरमैन एडवोकेट ललित जोशी ने युवाओं से नशामुक्त जीवन अपनाने और अपने भविष्य को बेहतर बनाने की अपील की। उन्होंने युवाओं को माता-पिता की सेवा करने के लिए भी प्रेरित किया।
कार्यक्रम संचालक एवं यूथ रेडक्रॉस सोसाइटी के डॉ. अनिल वर्मा ने अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस-2026 की थीम “विभिन्न संदर्भ, समान आकांक्षाएं” पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अलग-अलग सामाजिक और भौगोलिक परिस्थितियों में रहने वाले युवाओं की समस्याओं और उनकी समान आकांक्षाओं को समझना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास, उचित मार्गदर्शन और रोजगार के अवसरों के जरिए ही युवाओं का वास्तविक सशक्तिकरण संभव है। डॉ. वर्मा ने युवाओं को रक्तदान के महत्व के बारे में बताते हुए दूसरों का जीवन बचाने के लिए नियमित रक्तदान करने की अपील की।
एड्स और नशे के प्रति किया जागरूक
यूसेक्स के संयुक्त निदेशक डॉ. अमित शुक्ला ने कहा कि युवाओं को केवल प्रेरणादायक बातें सुनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें उचित मार्गदर्शन और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अवसर भी दिए जाने चाहिए। उन्होंने युवाओं से एड्स के प्रति जागरूक रहने और नशे से दूर रहने की अपील की।
राज्य उद्योग मित्र समिति के दायित्वधारी शांतनु बिष्ट ने युवाओं से अपनी समस्याओं को दृढ़ता से रखने और भीड़ का हिस्सा बनने के बजाय विवेक का इस्तेमाल करने का संदेश दिया। यूसेक्स के उपनिदेशक महेंद्र कुमार ने युवाओं से विपरीत परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखने की अपील की।
कार्यक्रम में स्टेट नर्सिंग कॉलेज की छात्राओं कुमकुम भारद्वाज और शैलजा पोखरियाल तथा राजीव गांधी नवोदय विद्यालय की छात्रा रुचि ने भी युवाओं की सामाजिक भूमिका पर अपने विचार रखे।
नुक्कड़ नाटक से दिया जागरूकता संदेश
हंसा ग्रुप के निदेशक विनोद ममगाईं और उनकी टीम ने नशा एवं एड्स विषय पर प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्परिणामों और एड्स से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
विशिष्ट योगदान के लिए सम्मान
कार्यक्रम के दौरान समाज में विशिष्ट योगदान के लिए कई लोगों को सम्मानित किया गया। इनमें रक्तदाता शिरोमणि डॉ. अनिल वर्मा, एडवोकेट ललित जोशी, डॉ. सुनीता भट्ट, शांतनु बिष्ट, मेजर प्रेमलता वर्मा और एकता उपाध्याय शामिल रहे।
इसके अलावा तकनीकी विशेषज्ञ मो. जावेद, संदीप सिंह, अखिलेश वर्मा, लक्ष्मण चौहान, विनोद ममगाईं समेत विभिन्न संस्थानों से जुड़े छात्र-छात्राओं और स्वयंसेवकों को भी पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम का संचालन यूथ रेडक्रॉस के डॉ. अनिल वर्मा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन यूसेक्स के संयुक्त निदेशक आईईसी अनिल सती ने किया। कार्यक्रम में यूसेक्स, यूथ रेडक्रॉस सोसाइटी, स्टेट नर्सिंग कॉलेज, सीआईएमएस, राजीव गांधी नवोदय विद्यालय और एनसीसी कैडेट्स से जुड़े छात्र-छात्राएं एवं स्वयंसेवक मौजूद रहे।






