EDUCATIONUP Breaking NewsUPPOLICEउत्तर प्रदेशहरदोई

सीडीओ ने डिजिटल लाइब्रेरी, प्राथमिक विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्र का किया आकस्मिक निरीक्षण

रिपोर्ट-बी जी मिश्र
जन एक्सप्रेस/हरदोई :- हरदोई।सीडीओ नेहा व्याडबाल द्वारा विकासखंड टड़ियावां के अंतर्गत डिजिटल लाइब्रेरी नानकगंज ग्रंट, प्राथमिक विद्यालय कन्जड़पुरवा तथा आंगनबाड़ी केंद्र कन्जड़पुरवा का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण मे डिजिटल लाइब्रेरी नानकगंज ग्रंट का रख-रखाव संतोषजनक पाया गया।सीडीओ ने एडीओ पंचायत को निर्देशित किया कि लाइब्रेरी की सभी सेल्फों एवं पुस्तकों की कोडिंग कराई जाए, जिससे लाइब्रेरियन को पाठकों को पुस्तकें उपलब्ध कराने में सुविधा हो। साथ ही पाठकों के कार्ड बनाए जाने, लाइब्रेरी को वातानुकूलित किए जाने तथा पाठकों के लिए स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके उपरांत सीडीओ द्वारा प्राथमिक विद्यालय कन्जड़पुरवा का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। विद्यालय परिसर में घास एवं झाड़ियां खड़ी पाई गईं। हैंडवॉश यूनिट में टोंटी न लगे होने के कारण रनिंग वाटर की आपूर्ति नहीं पाई गई तथा शौचालय में प्रकाश व्यवस्था भी नहीं थी। विद्यालय में फर्नीचर अपर्याप्त पाया गया तथा कुछ फर्नीचर मरम्मत योग्य मिला। विद्यालय में पंजीकृत 155 बच्चों के सापेक्ष मात्र 70 बच्चे उपस्थित पाए गए तथा उपस्थित बच्चों में भी कई बच्चे विद्यालय की यूनिफॉर्म में नहीं थे। रसोईघर के बाहर एमडीएम मीनू प्रदर्शित नहीं किया गया था तथा रसोईघर के अंदर साफ-सफाई का अभाव पाया गया। परिसर में रखे गए डस्टबिन का भी समुचित उपयोग नहीं किया जा रहा था। बच्चों के शैक्षिक स्तर को परखने कक्षा 04 के बच्चों को बोर्ड पर पढ़वाया गया बच्चों के शैक्षिक स्तर के उनकी मैपिंग कर शिक्षण कार्य कराए जाने की आवश्यकता पाई गई ।
सीडीओ ने विद्यालय परिसर एवं कक्षों की समुचित साफ-सफाई, हैंडवॉश यूनिट में टोंटी लगाकर रनिंग वाटर की व्यवस्था तथा विद्यालय की अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। लापरवाही के दृष्टिगत प्रधानाध्यापक ममता तिवारी, ग्राम पंचायत सचिव विजय वर्मा तथा पर्यवेक्षकीय उत्तरदायित्व के लिए खंड शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार झा का अग्रिम आदेशों तक माह अगस्त, 2026 का वेतन बाधित करने के निर्देश दिए गए।
आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण के दौरान पंजीकृत 39 बच्चों के सापेक्ष मात्र 11 बच्चे उपस्थित पाए गए। केंद्र पर वजन मशीन उपलब्ध नहीं थी तथा लंबाई मापने का यंत्र खराब पाया गया। आंगनबाड़ी केंद्र का संचालन विद्यालय के बरामदे में किया जा रहा था, जबकि विद्यालय में एक कक्ष खाली उपलब्ध था। केंद्र पर बच्चों की कम उपस्थिति एवं केंद्र का संचालन निर्धारित व्यवस्थाओं के अनुरूप न पाए जाने पर सीडीओ द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकत्री उर्मिला यादव, मुख्य सेविका उमा गुप्ता तथा प्रभारी बाल विकास परियोजना अधिकारी, हरदोई संजू वर्मा को आरोप पत्र जारी करते हुए संबंधित के विरुद्ध विभागीय कार्यवाही संस्थित किए जाने के निर्देश दिए गए।सीडीओ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की उपस्थिति, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, फर्नीचर, पोषण संबंधी व्यवस्थाओं सहित सभी मूलभूत सुविधाएं मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी सुनील सिंह, प्रभारी बाल विकास परियोजना अधिकारी श्रीमती संजू वर्मा तथा डीपीआरओ श्रेया उपाध्याय सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
https://youtu.be/MuJ3tf-XhMI?si=9LO0uQjZfdyEfSYy

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button