5 सितंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 48 शिक्षकों को करेंगी सम्मानित, UP से 3 शिक्षक

जन एक्सप्रेस /लखनऊ :- शिक्षक दिवस के अवसर पर 5 सितंबर 2026 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 48 उत्कृष्ट स्कूली शिक्षकों को नेशनल टीचर्स अवॉर्ड 2026 से सम्मानित करेंगी। सम्मान समारोह नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित किया जाएगा। इन शिक्षकों का चयन स्कूल शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, विद्यार्थियों के विकास और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए किया गया है।
शिक्षा मंत्रालय के अनुसार, इस वर्ष राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए चुने गए 48 शिक्षक 27 राज्यों, 7 केंद्र शासित प्रदेशों और केंद्र सरकार के 6 संगठनों का प्रतिनिधित्व करते हैं। पुरस्कार पाने वालों में 26 पुरुष और 22 महिला शिक्षक शामिल हैं। चयनित शिक्षक देश के अलग-अलग प्रकार के स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों में सेवाएं दे रहे हैं।
तीन चरणों में हुआ शिक्षकों का चयन
नेशनल टीचर्स अवॉर्ड के लिए शिक्षकों का चयन तीन चरणों में किया गया। पहले जिला स्तर, इसके बाद राज्य स्तर और अंत में राष्ट्रीय स्तर पर उम्मीदवारों का मूल्यांकन किया गया। इस प्रक्रिया के जरिए स्कूल शिक्षा और छात्र विकास में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों का चयन किया गया।
इस वर्ष पुरस्कार के लिए ऑनलाइन नामांकन प्रक्रिया भी आयोजित की गई थी। आवेदन प्रक्रिया 15 जून से 20 जुलाई 2026 तक चली। इसके बाद विभिन्न स्तरों पर उम्मीदवारों के प्रदर्शन और योगदान का मूल्यांकन कर अंतिम सूची तैयार की गई।
48 शिक्षकों में 26 पुरुष और 22 महिलाएं
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए चयनित 48 शिक्षकों में 26 पुरुष और 22 महिलाएं हैं। इनमें राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों के सरकारी स्कूलों के अलावा केंद्रीय विद्यालय, नवोदय विद्यालय, सैनिक स्कूल, एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल, पीएम श्री स्कूल और अन्य शैक्षणिक संस्थानों के शिक्षक शामिल हैं।
केंद्रीय संगठनों से जुड़े चयनित शिक्षकों में सीआईएससीई की राधा राजेश, सीबीएसई की संगीता यादव, ईएमआरएस के जफर आलम, केंद्रीय विद्यालय संगठन की अमुथा जे. और मनीषा खेत्रपाल, नवोदय विद्यालय समिति के वैभव वसंतराव कुलकर्णी तथा सैनिक स्कूल के शिव प्रसाद अरविंद तिंगारे शामिल हैं।
उत्तर प्रदेश से सबसे ज्यादा शिक्षक चयनित
राज्यों की बात करें तो इस वर्ष उत्तर प्रदेश से तीन शिक्षकों का चयन राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए किया गया है। वहीं बिहार, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान और पश्चिम बंगाल से दो-दो शिक्षक पुरस्कार सूची में शामिल हैं।
इसके अलावा केंद्रीय विद्यालय संगठन से भी दो शिक्षकों का चयन हुआ है। अन्य केंद्र शासित प्रदेशों और संबंधित केंद्रीय संगठनों से एक-एक शिक्षक को सम्मान के लिए चुना गया है।
शिक्षकों के कार्यों पर दिखाई जाएगी डॉक्यूमेंट्री
5 सितंबर को आयोजित होने वाले पुरस्कार समारोह में चयनित शिक्षकों के कार्यों और उपलब्धियों पर आधारित शॉर्ट डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई जाएगी। इसके माध्यम से शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान, विद्यार्थियों के विकास के लिए किए गए प्रयासों और स्कूल शिक्षा को बेहतर बनाने की पहल को सामने रखा जाएगा।
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार का उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित करना और उनके प्रयासों को देशभर में प्रोत्साहित करना है।






