
जन एक्सप्रेस/रुड़की : रुड़की के सुभाष नगर इलाके में मंगलवार देर रात मामूली कहासुनी के बाद हुई मारपीट ने एक व्यक्ति की जान ले ली। बताया जा रहा है कि विवाद पड़ोसियों के बीच हुआ था, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया। इस दौरान एक पक्ष के व्यक्ति ने दूसरे पक्ष के बुजुर्ग के गले को बांह से दबाकर उसकी जान ले ली।
विवाद की शुरुआत गाली-गलौज से हुई
नैतिक माहेश्वरी निवासी सुभाष नगर ने पुलिस को बताया कि रात लगभग 10 बजे के आसपास उनका परिवार घर पर मौजूद था। इसी दौरान बाहर से तेज गाली-गलौज की आवाजें सुनाई दीं। बाहर निकलने पर पता चला कि पड़ोसी अमित शर्मा अपनी पत्नी और बेटे के साथ गाली-गलौज कर रहा था। अमित का आरोप था कि नैतिक का बेटा उनके परिवार के बारे में गलत बातें कह रहा है।
बात बढ़ी, और मारपीट में बदल गई
कहासुनी जल्द ही धक्का-मुक्की और मारपीट में तब्दील हो गई। इस बीच आरोप है कि अमित ने नैतिक के पिता अतुल माहेश्वरी (उम्र लगभग 60 वर्ष) के गले को अपनी बाजू से जोर से दबा दिया, जिससे वे मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हत्या का मुकदमा, पुलिस कर रही दबिश
पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी अमित शर्मा, उसकी पत्नी और बेटे के खिलाफ धारा 302 (हत्या) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। गंग नहर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक आरके सकलानी ने बताया कि तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है।
घटना के बाद सुभाष नगर क्षेत्र में तनाव और शोक का माहौल है। एक साधारण विवाद में हत्या तक की नौबत आ जाना, लोगों के लिए चौंकाने वाला है।






