
जन एक्सप्रेस/ बेरीनाग: पिथौरागढ़ जिले के थल-उडियारी बैंड-बेरीनाग मोटर मार्ग पर चुनी पातल के पास नहर क्षतिग्रस्त होने से भारी मलबा और बोल्डर सड़क पर आ गए, जिससे मार्ग पूरी तरह बंद हो गया। सड़क बंद होने से दिल्ली, हल्द्वानी, अल्मोड़ा, बागेश्वर, डीडीहाट, मुनस्यारी, धारचूला और पिथौरागढ़ जाने वाली बसों व टैक्सी सहित सैकड़ों वाहन घंटों फंसे रहे।
लोक निर्माण विभाग ने मार्ग खोलने के लिए जेसीबी मशीन भेजी, लेकिन कुछ देर बाद मशीन खराब हो गई। इससे यात्रियों और वाहन चालकों में नाराजगी फैल गई। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि आपदा की आशंका के बावजूद पर्याप्त मशीनें और अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं थे।
व्यापार संघ अध्यक्ष बबलू सामंत और सामाजिक कार्यकर्ता मुन्ना जंगपागी ने कहा कि नहर की खराब स्थिति की शिकायत पहले ही प्रशासन से की गई थी, लेकिन समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई। तहसीलदार दयाल चन्द्र मिश्रा ने बताया कि मार्ग खोलने का कार्य जारी है और जल्द यातायात बहाल किया जाएगा।






