
जिला संवाददाता – नरेंद्र रावत
जन एक्सप्रेस/गोपेश्वर : बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई), नई दिल्ली के निर्देशों के क्रम में हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय, श्रीनगर द्वारा गठित निरीक्षण समिति ने राजकीय विधि महाविद्यालय गोपेश्वर का निरीक्षण किया। समिति ने महाविद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक एवं अन्य व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन करते हुए आवश्यक जानकारी जुटाई।
निरीक्षण समिति में प्रोफेसर डॉ. जी.सी. नैथानी, राज्य विधि विभाग परिसर पौड़ी के समन्वयक डॉ. सुशील कुमार चतुर्वेदी, विधि विभाग परिसर पौड़ी के सदस्य एवं विधि विशेषज्ञ तथा इंजीनियर केके … सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।
समिति ने महाविद्यालय के भूमि-भवन, कक्षा-कक्ष, पुस्तकालय, मूट कोर्ट, लीगल एड, कंप्यूटर सेंटर एवं कॉमन हॉल का भौतिक निरीक्षण किया। इसके साथ ही शैक्षणिक एवं शिक्षणेत्तर गतिविधियों की जानकारी प्राप्त करने के साथ महत्वपूर्ण दस्तावेजों का भी अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान समिति के सदस्यों ने महाविद्यालय में अध्ययनरत प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय वर्ष के छात्र-छात्राओं से संवाद कर शैक्षणिक गतिविधियों, सुविधाओं एवं अध्ययन व्यवस्था के संबंध में फीडबैक लिया। महाविद्यालय प्रशासन की ओर से समिति को विभिन्न व्यवस्थाओं और उपलब्ध संसाधनों की जानकारी दी गई।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि विश्वविद्यालय की ओर से बार काउंसिल ऑफ इंडिया की मान्यता के लिए अप्रैल 2026 में निरीक्षण कराया गया था। इसके बाद बीसीआई, नई दिल्ली ने सभी सुविधाओं के स्थलीय निरीक्षण के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में राजकीय विधि महाविद्यालय का पुनः निरीक्षण किया गया। उन्होंने बताया कि पूर्व निरीक्षण समिति द्वारा विश्वविद्यालय से संबंधित अन्य औपचारिकताओं एवं आवश्यक व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया जा चुका है।
निरीक्षण के दौरान महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।

