उत्तरकाशीउत्तराखंड

सफल भविष्य उत्तरकाशी मे पुलिस अधीक्षका ने गुरुकुल के बाल सेवकों को दिया मंत्र

जन एक्सप्रेस / उत्तरकाशी :   श्री काशी विश्वनाथ गुरुकुलम् के 50वें प्रेरक सत्र में पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने बाल सेवकों को अनुशासन, संस्कार और साइबर सुरक्षा का महत्व समझाया। कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि आधुनिक डिजिटल युग में अच्छे संस्कार और साइबर जागरूकता, दोनों ही सुरक्षित और सफल भविष्य के लिए आवश्यक हैं।

बाबा काशी विश्वनाथ की प्रेरणा और महंत अजय पुरी के मार्गदर्शन में आयोजित इस विशेष सत्र में उपजिलाधिकारी भटवाड़ी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में गुरुकुल के बाल सेवकों को जीवन मूल्यों और डिजिटल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश दिए गए।

सफलता के पांच मूल मंत्र बताए

पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने कहा कि जीवन में सफलता के पांच प्रमुख आधार हैं—अनुशासन, सेवा, संस्कार, समर्पण और स्पष्ट लक्ष्य। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि लक्ष्य निर्धारित कर पूरी निष्ठा और मेहनत से उसे प्राप्त करने का प्रयास करें। संस्कारयुक्त और अनुशासित जीवन ही सम्मान तथा उज्ज्वल भविष्य की पहचान है।

साइबर अपराध से बचाव के दिए महत्वपूर्ण सुझाव

उन्होंने बच्चों को साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी अनजान लिंक, फोन कॉल, ई-मेल या आकर्षक ऑनलाइन ऑफर पर बिना जांच के भरोसा न करें। साथ ही OTP, ATM PIN, CVV और बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें।

उन्होंने बताया कि यदि कोई साइबर धोखाधड़ी होती है तो तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए।

घर-गांव तक पहुंचाएं साइबर जागरूकता

SP ने बाल सेवकों से अपील की कि वे केवल स्वयं ही सतर्क न रहें, बल्कि अपने परिवार, गांव और समाज के अन्य लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें ताकि ऑनलाइन ठगी की घटनाओं को रोका जा सके।

गुरुकुल की पहल की सराहना

पुलिस अधीक्षक ने श्री काशी विश्वनाथ गुरुकुलम् और मंदिर समिति की इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के चरित्र निर्माण के साथ-साथ उन्हें जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं।

कार्यक्रम में समन्वयक पारस कोटनाला, मोहन डबराल, गोपाल रावत, हरीश सेमवाल सहित गुरुकुल के सभी बाल सेवक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button