उत्तराखंडदेहरादूनमनसा देवी मंदिर

मनसा देवी मंदिर में भगदड़ से हाहाकार:छह श्रद्धालुओं की मौत,सीएम ने जताया दुख

बिजली का तार गिरने से मची अफरा-तफरी, मंदिर परिसर खाली कराया गया

जन एक्सप्रेस/ देहरादून: हरिद्वार स्थित प्रसिद्ध मनसा देवी मंदिर में सोमवार सुबह उस समय भगदड़ मच गई जब मंदिर के पैदल मार्ग पर अचानक बिजली का एक तार टूटकर गिर गया। इस हादसे में अब तक छह श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। मृतकों में बरेली का एक आठ वर्षीय बालक भी शामिल है।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य बचाव दल तुरंत पहुंच गए। रेस्क्यू टीमों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

इस हादसे के बाद मंदिर परिसर को पूरी तरह खाली करा लिया गया है और पूरे क्षेत्र में सतर्कता बरती जा रही है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, “हरिद्वार स्थित मनसा देवी मंदिर मार्ग में भगदड़ मचने का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है। एसडीआरएफ, स्थानीय पुलिस तथा अन्य बचाव दल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं। मैं लगातार स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हूं और स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है। माता रानी से सभी श्रद्धालुओं के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूं।”

प्रशासन द्वारा हादसे की जांच के आदेश दे दिए गए हैं और शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि टूटे बिजली के तार के कारण श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई, जिससे भगदड़ मच गई।

स्थिति पर नज़र बनी हुई है और अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button