हरदोई में गंगा और रामगंगा का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का खतरा, कटियारी क्षेत्र के ग्रामीणों में बढ़ी चिंता

जन एक्सप्रेस /हरदोई :- पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश का असर अब हरदोई के अरवल और कटियारी क्षेत्र में दिखाई देने लगा है। पिछले तीन दिनों से गंगा और रामगंगा नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे तटवर्ती गांवों में बाढ़ और कटाव की आशंका गहरा गई है। बढ़ते जलस्तर को लेकर ग्रामीणों के साथ-साथ किसान भी चिंता में हैं।
तटवर्ती गांवों में बढ़ी चिंता
हर वर्ष जुलाई और अगस्त के दौरान गंगा और रामगंगा के जलस्तर में वृद्धि से कटियारी क्षेत्र के सैकड़ों गांव बाढ़ की चपेट में आने का खतरा झेलते हैं। बाढ़ का पानी किसानों की मेहनत और उनकी फसलों को भारी नुकसान पहुंचाता है।
इस बार भी लगातार बढ़ते जलस्तर से जीवनपुरवा, हन्नामऊ, श्रीमऊ करनपुर, नंदना बगिया, मंगरौरा, जिगनी और मंसूरपुर सहित कई गांवों के लोगों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो जल्द ही बाढ़ की स्थिति बन सकती है।
कटाव से घर और खेतों पर मंडरा रहा खतरा
ग्रामीणों ने बताया कि नदी किनारे कटाव तेज होने की आशंका है, जिससे उनके घरों और कृषि भूमि को नुकसान पहुंच सकता है। नदी के बढ़ते जलस्तर ने तटवर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।
धान की फसल पर संकट
हाल ही में किसानों ने धान की रोपाई पूरी की है। ऐसे में यदि बाढ़ आती है तो सबसे अधिक नुकसान धान की फसल को होने की आशंका है। किसानों का कहना है कि जलभराव और बाढ़ की स्थिति में उनकी पूरी मेहनत पर पानी फिर सकता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से नदी के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखने और संभावित बाढ़ से निपटने के लिए समय रहते आवश्यक इंतजाम करने की मांग की है, ताकि जन-धन और फसलों के नुकसान को कम किया जा सके।
संवाददाता : आदित्य पटवा | जन एक्सप्रेस, हरदोई






