पाठा में लूटखसोट की शिकार हो रही सरकारी योजनाएं, कौन है जिम्मेदार?

जन एक्सप्रेस/ चित्रकूट। पाठा इन दिनों भ्रष्टाचारियों के लिए सुरक्षित ठिकाना बन चुका है। भ्रष्टाचारी मानसिकता से ग्रसित ठेकेदार इस क्षेत्र में सरकारी धन को हड़पने के लिए काम की खोज में लगे रहते हैं। काम मिलते ही भ्रष्टाचार को अंजाम देने में जुट जाते हैं। पाठा में भ्रष्टाचार के नित नए कीर्तिमान स्थापित किए जा रहे हैं। जिम्मेदारों को कोई फर्क नहीं पड़ रहा है। यहां खुलेआम विकास लूटा जा रहा है। पूर्व में कूप और चेकडैमो में हुए भ्रष्टाचार को दोहराने का पुरजोर प्रयास किया जा रहा है। बेखौफ ठेकदार और अधिकारियों को योगी सरकार के जीरो टॉलरेंस का जरा भी भय नहीं है।
पाठा क्षेत्र में लघु सिंचाई विभाग से हो रहे कूप और चेकडैम निर्माण कार्य में जमकर अनियमिताएं की जा रही है। ठेकेदार मानकों को दरकिनार कर धडल्ले से भ्रष्टाचार कर रहे हैं। मानिकपुर विकास खण्ड के टिकरिया जमुनिहाई, कल्याणपुर आदि गावों में हो रहे चेकडैम निर्माण में खुलेआम घटिया मैटेरियल से निर्माण किया जा रहा है। मीडिया में खबरें चलने के बाद दो- चार दिनों के लिए जरूर अच्छे निर्माण का दिखावा किया जाता है। लेकिन फिर पुराने ढर्रे पर ही कार्य होने लगता है।
लघु सिंचाई विभाग भ्रष्टाचार में सबसे अव्वल
जनपद में इन दिनों लघु सिंचाई विभाग भ्रष्टाचार में सबसे अव्वल है। क्योंकि चाहे तालाब हो, कूप हो या चेकडैम निर्माण सबमें मानकविहीन कार्यों को अंजाम देकर व्यापक भ्रष्टाचार किया जा रहा है। शासकीय धनराशि का खूब बंदरबांट किया जा रहा है। भ्रष्टाचार का यदि नमूना देखना है तो टिकरिया जमुनिहाई में बन रहे चेकडैम और डोडामाफी में हो रहे कूप निर्माण में देखा जा सकता है। भ्रष्टाचार के क्षेत्र लघु सिंचाई विभाग नया कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। ठेकेदारों ने स्टीमेट के अनुसार काम न करने की कसम खा रखी है।
डोडामाफी में कूप निर्माण में की जा रही भारी धांधली
पाठा क्षेत्र के डोड़ामाफी में लघु सिंचाई विभाग से हो रहे निर्माण कार्य में जमकर लापरवाही की जा रही हैं। कहीं कूप के चौड़ाई तो कहीं गहराई में खूब अनियमिताएं बरती जा रही हैं। कई कूपों में सिंगल पत्थर के ढोका से बंधाई की जा रही है। कूपों में अगर सबसे अधिक गड़बड़ी हो रही है तो डोडामाफी में की जा रही है।
चोरी का किया खुलासा, भ्रष्टाचारी ने खोया आपा
पाठा क्षेत्र में सरकारी कार्यों में लंबे समय से भ्रष्टाचार का खेल खेल रहे ठेकेदार के भ्रष्टाचार का खुलासा करने पर बौखला गया और पत्रकार पर तमाम तरीके के मनगढ़ंत आरोप लगा रहा है। आपा खो चुके ठेकेदार ने सोशल मीडिया में उलूल जलूल लिखकर अपने भ्रष्टाचार में पर्दा डाल रहा है।